कालका-शिमला ट्रैक पर टॉय ट्रेन में सफर का इंतजार हुआ लंबा, टूरिस्ट न्यू ईयर पर नहीं कर पाएंगे यात्रा
कालका-शिमला टॉय ट्रेन सेवा नए साल पर भी शुरू नहीं होगी, रेलवे ने संचालन 10 जनवरी तक स्थगित किया है। भारी बारिश से ट्रैक क्षतिग्रस्त होने के कारण पर्यटकों को मायूसी हाथ लगेगी।

कालका शिमला ट्रैक पर दौड़ती टॉय ट्रेन। जागरण आर्काइव
HighLights
कालका-शिमला टॉय ट्रेन सेवा 10 जनवरी तक स्थगित।
भारी बारिश से ट्रैक क्षतिग्रस्त, मरम्मत कार्य जारी।
नए साल पर पर्यटकों को मायूसी, पर्यटन कारोबार प्रभावित।
जागरण संवाददाता, शिमला। कालका-शिमला नैरोगेज हेरिटेज रेललाइन पर टॉय ट्रेन का संचालन नए साल तक शुरू नहीं होगा। रेलवे ने बंद ट्रेनों की अवधि 10 जनवरी तक बढ़ा दी है, इससे हिमाचल आने वाले पर्यटकों के हाथ मायूसी लगेगी। इस साल अगस्त में हुई भारी वर्षा व भूस्खलन के कारण सोलन के टकसाल और गुम्मण स्टेशन के बीच ब्रिज नंबर 57 के पास रेललाइन के नीचे जमीन धंस गई थी। इसका मरम्मत कार्य पूरा नहीं हो पाया है। दो ट्रेन धर्मपुर से शिमला के बीच चलाई जा रही हैं।
रेललाइन बंद होने से शिमला में पर्यटन कारोबार को भी नुकसान हो रहा है। इससे पहले बंद ट्रेन की अवधि 31 दिसंबर तक रद की थी। 10 जनवरी तक चार ट्रेन बंद रहेंगी। इस रूट पर रोजाना छह ट्रेन चलती हैं, जिनमें से चार बंद हैं और दो धर्मपुर-शिमला के बीच चल रही हैं।
नए साल पर रहती है खूब भीड़
पर्यटन कारोबारी अमित कुमार, विवेक शर्मा और इंद्रजीत सिंह का कहना है कि दिसंबर से 15 जनवरी तक ट्रेनों में हर बार 100 प्रतिशत आक्यूपेंसी रहती है। इस अवधि में अतिरिक्त ट्रेन भी चलानी पड़ती हैं और सैकड़ों पर्यटक ट्रेन से शिमला पहुंचते हैं। इस बार ट्रेन बंद होने से शिमला के पर्यटन कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
सबसे ज्यादा मार शिमला रेलवे स्टेशन से टैक्सी का काम करने वालों पर पड़ रही है। उन्हें वाहनों की किस्त तक निकालना मुश्किल हो गया है।
2023 में भी हुआ था नुकसान
इससे पहले वर्ष 2023 में बरसात के दौरान ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई थी, लेकिन तब नए साल में सेवा बहाल कर दी थी। उस समय समरहिल में ट्रैक को नुकसान होने के चलते परेशानी का सामना करना पड़ा था।
विदेशी पर्यटक सफर करना करते हैं ज्यादा पसंद
विदेशी पर्यटक शिमला-कालका रेललाइन पर सफर करना सबसे ज्यादा पसंद करते हैं। विदेशी पर्यटक स्टीम इंजन को बुक करवाकर सफर करते रहे हैं। पूरी ट्रेन तक बुक करवाते हैं। इस बार इन्हें भी ये सुविधा नहीं मिल सकेगी।
ट्रैक का ऐतिहासिक महत्व
कालका-शिमला रेलवे ट्रैक जिसे 2008 में यूनेस्को ने वर्ल्ड हेरिटेज का दर्जा दिया, 121 वर्ष पुराना है। इस 96 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर 103 सुरंगें और 869 छोटे-बड़े पुल हैं। इनमें बड़ोग रेलवे स्टेशन की 33 नंबर सुरंग सबसे लंबी है, जिसकी लंबाई 1143.61 मीटर है। यह सुरंग निर्माण के समय दुनिया की सबसे लंबी नैरोगेज सुरंग थी। इस ट्रैक पर 18 रेलवे स्टेशन हैं, जिनमें हर स्टेशन की अपनी ऐतिहासिक और वास्तुशिल्पीय विशेषताएं हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।