विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू, निर्वाचन आयोग ने IAS और IPS अधिकारियों का ब्योरा मांगा

Published: Thu, 26 Nov 2026 03:37 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 26 Nov 2026 04:05 PM (GMT+05:30)

भारत निर्वाचन आयोग ने 2027 के हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की निष्पक्ष तैयारी शुरू कर दी है। आयोग ने पर्यवेक्षकों की तैनाती के लिए अधिकारियों का अद्यतन ब्योरा मांगा है।

भारतीय निर्वाचन आयोग का दिल्ली स्थित परिसर। जागरण आर्काइव

भारतीय निर्वाचन आयोग का दिल्ली स्थित परिसर। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. ECI ने 2027 हिमाचल विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू की।

  2. IAS-IPS अधिकारियों का ब्योरा 27 नवंबर तक मांगा गया।

  3. पर्यवेक्षक तैनाती के लिए नए नियमों के तहत डाटा अपलोड होगा।

राज्य ब्यूरो, शिमला। वर्ष 2027 में हिमाचल प्रदेश सहित सात राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने अभी से कमर कस ली है। 2027, नवंबर-दिसंबर में हिमाचल प्रदेश व गुजरात में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। हिमाचल विधानसभा का कार्यकाल तीन जनवरी, 2028 को पूरा हो रहा है।

चुनाव के दौरान आइएएस व आइपीएस अधिकारियों को सामान्य, पुलिस और व्यय पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया जाता है, जो कानून-व्यवस्था, चुनावी खर्च और निष्पक्षता पर सीधी निगरानी रखते हैं। अधिकारियों का डाटाबेस तैयार होने के बाद मतदाता सूची पुनरीक्षण और पर्यवेक्षकों की तैनाती की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

1997 से 2018 बैच के अधिकारियों का ब्योरा मांगा

चुनाव में पर्यवेक्षकों (आब्जर्वर) की तैनाती के लिए आयोग ने सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) और गृह मंत्रालय को सख्त रिमाइंडर जारी किया है। आयोग ने 1997 से 2018 बैच के कार्यरत आइएएस और आइपीएस अधिकारियों का अद्यतन ब्योरा 27 नवंबर तक हर हाल में भेजने का अल्टीमेटम दिया है।

आयोग के अवर सचिव के निर्देश

आयोग के अवर सचिव एमएल मीणा की ओर से 25 नवंबर को जारी पत्र में कहा गया है कि इससे पूर्व नौ नवंबर को पत्र भेजकर 17 नवंबर तक आब्जर्वर मैनेजमेंट सिस्टम (ओएमएस) पर डाटा मांगा गया था। हालांकि, पहली समय-सीमा बीतने के बावजूद अधिकांश राज्यों और मंत्रालयों ने पूरा विवरण उपलब्ध नहीं कराया। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए आयोग ने सभी मुख्य सचिवों और मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

पुराना डाटा नहीं चलेगा, नए सिरे से भेजनी होगी सूची

निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि नौ नवंबर से पहले भेजा गया अधिकारियों का पुराना ब्योरा अब मान्य नहीं होगा। दरअसल, आयोग ने पर्यवेक्षक ड्यूटी से छूट प्राप्त श्रेणियों (एक्जेम्प्टेड कैटेगरी) के नियमों में संशोधन किया है। इन नए बदलावों को संबंधित नोडल अधिकारियों के ओएमएस लागिन में अपडेट कर दिया गया है। ऐसे में राज्यों को संशोधित मानकों के अनुरूप नए सिरे से पूरा डाटा पोर्टल पर अपलोड करना होगा।

यह भी पढ़ें: शिमला में कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च, स्वास्थ्य कारणों से CM नहीं पहुंचे; प्रियंका भी नहीं हुई शामिल 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।