विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सेना पर बयान के विरोध में मंत्री नेगी के खिलाफ प्रदर्शन, शिमला, मंडी व ऊना में BJP कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प

Published: Tue, 24 Nov 2026 01:06 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के भारतीय सेना पर दिए बयान के विरोध में भाजपा और युवा मोर्चा ने प्रदर्शन किया। शिमला और ऊना में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई, जिसमें मंत्री का पुतला जलाया गया।

शिमला में पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं की झड़प हो गई। जागरण

शिमला में पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं की झड़प हो गई। जागरण

HighLights

  1. मंत्री नेगी के सेना पर बयान का विरोध प्रदर्शन।

  2. शिमला और ऊना में भाजपा-पुलिस के बीच झड़प।

  3. युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने मंत्री का पुतला जलाया।

जागरण टीम, शिमला/मंडी/ऊना। हिमाचल प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के भारतीय सेना को लेकर दिए गए बयान के विरोध में भाजपा और युवा मोर्चा ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। शिमला, मंडी व ऊना में मंत्री का पुतला जलाया गया। शिमला के सीटीओ चौक पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच खूब धक्का-मुक्की हुई।

युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी नारेबाजी की और आरोप लगाया कि पुलिस कर्मियों ने उनके साथ मारपीट करने की कोशिश की।

नेगी हिमाचल के मंत्री या पाकिस्तान की असेंबली में बैठ रहे

भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री सुशील कड़शोली ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान जगत सिंह नेगी ने भारतीय सेना को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री ने कहा कि राफेल ने कुछ नहीं किया और भारतीय सेना के छक्के छुड़ाए गए। कड़शोली ने सवाल उठाया कि जगत सिंह नेगी हिमाचल प्रदेश के मंत्री हैं या पाकिस्तान की किसी असेंबली में बैठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश वीरों की भूमि है और सैनिकों का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सीएम दे रहे संरक्षण

कड़शोली ने कांग्रेस पार्टी और मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मंत्री को संरक्षण दे रहे हैं। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री को इस बयान पर स्पष्ट रुख अपनाते हुए जगत सिंह नेगी को ऐसी बयानबाजी से रोकना चाहिए था। 

ऊना में पुलिस से धक्का-मुक्की

ऊना में प्रदर्शन व पुतला दहन को लेकर पुलिस और युवा भाजपा नेताओं के बीच खूब खींचतान और धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने पुतला जलाने से रोकने के लिए पहले से ही व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए थे और मौके पर पुलिस की टीम तैनात कर दी थी, लेकिन युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को चकमा देते हुए अपनी रणनीति के तहत पुतला जला दिया। रोटरी चौक ऊना के पास हुए प्रदर्शन के दौरान युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पहले स्थानीय रोटरी चौक के साथ लगती गली में पुतले को आग लगा दी और फिर उसे लेकर चौक की ओर बढ़ने लगे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। 

पुतले को अपने कब्जे में लेने और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस कर्मियों तथा युवा नेताओं के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और खींचतान होती रही। पुलिस लगातार पुतले को चौक तक पहुंचने से रोकने का प्रयास करती रही, लेकिन कार्यकर्ता पुतले को लेकर रोटरी चौक तक पहुंचने में सफल रहे और आखिरकार पुतला दहन कर दिया।

युवा मोर्चा के विनय शर्मा, उमंग ठाकुर और रजत राणा सहित अन्य पदाधिकारियों ने मंत्री के बयान को निंदनीय बताते हुए कहा कि भारतीय सेना देश का गौरव है। सेना के जवानों के सम्मान और स्वाभिमान के साथ किसी भी प्रकार की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर पूर्व विधायक चैतन्य भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: रामपुर में उपचुनाव से पहले बड़ा सियासी उलटफेर, भाजपा के पूर्व प्रत्याशी कौल नेगी का एससी प्रमाणपत्र रद 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।