IGMC शिमला में रोबोटिक सर्जरी हुई महंगी, एक्सरे का भी देना होगा शुल्क; RKS ने तत्काल प्रभाव से लागू की नई दरें
आईजीएमसी शिमला में रोबोटिक सर्जरी और एक्स-रे की दरें बढ़ गई हैं, जिससे मरीजों को अब अधिक भुगतान करना होगा। रोगी कल्याण समिति ने तत्काल प्रभाव से नई दरें लागू कर दी हैं।

आईजीएमसी अस्पताल शिमला का परिसर। जागरण आर्काइव
HighLights
रोबोटिक सर्जरी की दरें अब दोगुनी हो गईं।
एक्स-रे सुविधा अब निशुल्क नहीं, शुल्क लगेगा।
आरकेएस ने तत्काल प्रभाव से नई दरें लागू कीं।
जागरण संवाददाता, शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आइजीएमसी) शिमला में रोबोटिक सर्जरी करवाना अब महंगा हो गया है। सामान्य वार्ड के मरीजों को इसके लिए 30 हजार के बजाय अब 60 हजार रुपये और निजी वार्ड के मरीजों को 50 हजार के बजाय 80 हजार रुपये चुकाने होंगे। इसके अलावा अस्पताल में एक्सरे की सुविधा भी अब सशुल्क होगी।
रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) ने रोबोटिक सर्जरी की नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी हैं। आरकेएस की कार्यकारी समिति की 23 अक्टूबर को हुई बैठक में रोबोटिक सर्जरी के शुल्क बढ़ाने का निर्णय लिया गया था।
पुरानी दरों में संशोधन किया
इसके बाद मेडिकल सुपरिंटेंडेंट एवं आरकेएस सदस्य सचिव की ओर से कार्यालय आदेश जारी कर पुरानी दरों में संशोधन किया गया है। सामान्य वार्ड के मरीजों के लिए रोबोटिक सर्जरी का शुल्क 30 हजार से बढ़ाकर 60 हजार रुपये और निजी वार्ड के मरीजों के लिए 50 हजार से बढ़ाकर 80 हजार रुपये किया गया है।
एक्सरे भी अब निशुल्क नहीं
आइजीएमसी में अब एक्सरे करवाने के लिए भी मरीजों को शुल्क चुकाना होगा। कार्यालय आदेश के अनुसार 31 दिसंबर 2020 के कार्यालय पत्र के तहत निर्धारित एक्सरे शुल्क तत्काल प्रभाव से बहाल किए गए हैं। अभी तक अस्पताल में एक्सरे की सुविधा निशुल्क उपलब्ध थी। ऐसे में अब मरीजों को जांच के लिए भी अतिरिक्त खर्च करना पड़ेगा।
आइजीएमसी में 150 से अधिक सर्जरी
आईजीएमसी में अब तक 150 से अधिक रोबोटिक सर्जरी की जा चुकी हैं। सर्जरी विभाग के अलावा स्त्री रोग और शिशु रोग विभाग में भी रोबोटिक तकनीक से ऑपरेशन हुए हैं।
यह भी पढ़ें: 'सीनियर कर्मी को जूनियर से कम सैलरी नहीं दी जा सकती', हिमाचल हाई कोर्ट का 1996 से उच्च वेतनमान देने का निर्देश