'सीनियर कर्मी को जूनियर से कम सैलरी नहीं दी जा सकती', हिमाचल हाई कोर्ट का 1996 से उच्च वेतनमान देने का निर्देश
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने फैसला सुनाया है कि किसी भी वरिष्ठ कर्मचारी को उसके कनिष्ठ की तुलना में कम वेतनमान नहीं दिया जा सकता।

हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट का शिमला परिसर। जागरण आर्काइव
HighLights
वरिष्ठ कर्मचारी को कनिष्ठ से कम वेतन नहीं मिल सकता।
हाई कोर्ट ने PWD को उच्च वेतनमान देने का निर्देश दिया।
याचिकाकर्ता को 1996 से वित्तीय लाभ मिलेंगे।
विधि संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि किसी भी वरिष्ठ कर्मचारी को उसके कनिष्ठ (जूनियर) कर्मचारी की तुलना में कम वेतनमान नहीं दिया जा सकता। न्यायाधीश जिया लाल भारद्वाज ने 18 नवंबर को सुनाए अपने आदेश में लोक निर्माण विभाग के एक सेवानिवृत्त मैकेनिक-कम-फिटर की याचिका को आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए विभाग को 1 जनवरी, 1996 से उच्च वेतनमान देने के निर्देश दिए हैं।
1974 में मिली थी नियुक्ति
याचिकाकर्ता नरिंदर सिंह वर्ष 1974 में चंबा स्थित लोक निर्माण विभाग (मैकेनिकल सब-डिवीजन) में दैनिक वेतनभोगी मैकेनिक-कम-फिटर के रूप में नियुक्त हुए थे और 30 जून, 1978 को उनकी सेवाएं नियमित हुई थीं। राज्य सरकार की 1 सितंबर, 1998 की अधिसूचना के तहत जूनियर तकनीशियनों को वरिष्ठता के आधार पर 50:30:20 के अनुपात में वेतनमान दिया जाना था, जिसमें शीर्ष 20 प्रतिशत वरिष्ठ कर्मचारियों को 4550-7220 रुपये का उच्च वेतनमान (टेक्नीशियन ग्रेड-I) मिलना था।
कनिष्ठ कर्मियों को दे दिया उच्च वेतन
याचिकाकर्ता का आरोप था कि विभाग ने उनसे बाद में (1987 और 1992 में) नियुक्त हुए कनिष्ठ कर्मचारियों को 1 जनवरी, 1996 से 4550-7220 रुपये का उच्च वेतनमान दे दिया, जबकि उन्हें केवल 4020-6200 रुपये के स्केल में ही रखा गया।
विभाग ने खारिज कर दिया दावा
विभाग ने 21 सितंबर, 2010 को उनका दावा यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि उनके पास 'मोटर मैकेनिक' का डिप्लोमा नहीं बल्कि 'टर्नर' का डिप्लोमा है। अदालत ने सरकार की दलीलों को खारिज करते हुए कहा कि 1998 की अधिसूचना के तहत उच्च वेतनमान शैक्षणिक योग्यता के आधार पर नहीं, बल्कि कैडर की संख्या और वरिष्ठता (50:30:20 के अनुपात) के आधार पर दिया जाना था।
कोर्ट ने कहा कि जब कनिष्ठ कर्मचारियों को उच्च वेतनमान दिया जा चुका है, तो वरिष्ठ कर्मचारी को इससे वंचित रखना मनमाना और भेदभावपूर्ण है।
हाई कोर्ट ने आदेश रद किया
हाई कोर्ट ने विभाग के 21 सितंबर, 2010 के आदेश को रद करते हुए निर्देश दिया कि याचिकाकर्ता को 1 जनवरी, 1996 से 4550-7220 रुपये का वेतनमान और सभी परिणामी लाभ दिए जाएं। हालांकि, वास्तविक वित्तीय लाभ (एरियर) याचिका दायर करने की तिथि से तीन वर्ष पहले की अवधि से ही देय होंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।