विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल के 28 लाख बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर, बिल देने में लापरवाही पड़ेगी भारी; बिना नोटिस कटेगा कनेक्शन

Published: Tue, 24 Nov 2026 04:25 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड ने बिल वसूली में तेजी लाने के लिए सख्त कदम उठाया है। अब अंतिम तिथि के बाद बिल जमा न करने पर बिना नोटिस बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा।

हिमाचल बिजली बोर्ड अब बिल न देने पर बिना नोटिस कनेक्शन काटेगा। प्रतीकात्मक फोटो

हिमाचल बिजली बोर्ड अब बिल न देने पर बिना नोटिस कनेक्शन काटेगा। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. बिल जमा न करने पर कनेक्शन तुरंत कटेगा।

  2. बिजली बोर्ड अब कोई नोटिस नहीं देगा।

  3. सरकारी विभागों से भी बकाया वसूली होगी।

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड ने बिलों की वसूली में तेजी लाने और बोर्ड की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। अब बिजली बिल जमा करने की अंतिम तारीख समाप्त होने के बाद भी यदि उपभोक्ता बिल का भुगतान नहीं करते हैं तो उनका बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा। इसके लिए उपभोक्ताओं को अलग से नोटिस देने की प्रक्रिया नहीं अपनाई जाएगी।

बोर्ड प्रबंधन ने अधिकारियों को बिलों की समय पर वसूली सुनिश्चित करने और बकाया राशि जमा न करवाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं। 

समीक्षा बैठक में निर्देश जारी

राज्य बिजली बोर्ड के प्रबंध निदेशक की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में बिजली बिलों की रिकवरी दर बढ़ाने और लंबित भुगतान के मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिजली बिल जमा करने की निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाए। 

इसके लिए पहले नोटिस देने या अन्य औपचारिकताओं में समय बर्बाद नहीं किया जाएगा। बोर्ड का मानना है कि समय पर बिलों की वसूली नहीं होने से आर्थिक स्थिति पर असर पड़ रहा है। ऐसे में रिकवरी व्यवस्था को प्रभावी बनाना जरूरी है।

28 लाख उपभोक्ताओं से होती है बिलों की वसूली

प्रदेश में राज्य बिजली बोर्ड के करीब 28 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक श्रेणी के उपभोक्ता शामिल हैं। बोर्ड की ओर से इन सभी श्रेणियों से बिजली बिलों की वसूली की जाती है। हालांकि, दूसरी ओर सरकारी विभागों के पास बिजली बिलों की बड़ी राशि लंबे समय से लंबित है। इससे बोर्ड की वित्तीय स्थिति पर दबाव बढ़ रहा है। प्रबंधन ने अब सरकारी विभागों से भी बकाया राशि की वसूली के लिए कार्रवाई तेज करने का निर्णय लिया है।

जलशक्ति विभाग पर 250 करोड़ रुपये बकाया

सरकारी विभागों में जल शक्ति विभाग के पास बिजली बोर्ड की करीब 250 करोड़ रुपये की राशि लंबित है। इस राशि की वसूली के लिए बोर्ड प्रबंधन की ओर से जल शक्ति विभाग को पत्र जारी किया गया है। इसमें लंबित भुगतान जल्द जारी करने को कहा गया है। बोर्ड प्रबंधन का प्रयास है कि सरकारी विभागों से बकाया राशि की वसूली कर आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जाए।

यह भी पढ़ें: हिमाचल बिजली बोर्ड में अनुबंध कर्मचारियों की वरिष्ठता और पदोन्नति का रास्ता साफ, समीक्षा डीपीसी करवाने का निर्देश 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।