दिल्ली रूट पर गई HRTC बस की टैंकर से टक्कर के बाद सीटें तक उखड़ गईं, यूनियन ने सेफ्टी फीचर पर उठाए सवाल
दिल्ली रूट पर एचआरटीसी बस की टैंकर से टक्कर के बाद सीटें उखड़ने पर कर्मचारी यूनियनों ने जांच की मांग ...और पढ़ें

एचआरटीसी बस का प्रतीकात्मक फोटो और करनाल में हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त बस की उखड़ी सीेटें।
HighLights
दिल्ली रूट पर एचआरटीसी बस की टैंकर से टक्कर हुई।
हादसे में बस की सीटें तक उखड़ गईं, सुरक्षा पर सवाल।
कर्मचारी यूनियनों ने सेफ्टी फीचर की जांच की मांग की।
राज्य ब्यूरो, शिमला। दिल्ली रूट पर गई एचआरटीसी बस हादसे की कर्मचारी यूनियनों ने निगम प्रबंधन से जांच मांगी है। बस के सेफ्टी फीचर को लेकर भी सवाल उठाए हैं। जानकारी के अनुसार दिल्ली रूट पर बीते माह यानी अप्रैल माह की 12 तारीख को रूट पर गई एचपी 52 सी 2292 नंबर बस की करनाल मधुबन के समीप एक टैंकर से जोरदार टक्कर हो गई थी। जिसमें बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी।
अगले हिस्से सहित सीटें तक गई थीं उखड़
हादसे में बस का अगला हिस्सा तो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और बस की सीटें तक उखड़ गई थी। ऐसे में कर्मचारी यूनियनों ने बसों में यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं।
यूनियन ने सेफ्टी फीचर पर उठाए सवाल
हिमाचल पथ परिवहन निगम सर्व कर्मचारी यूनियन के महासचिव खमेंद्र गुप्ता, एचआरटीसी इंटक के प्रदेशाध्यक्ष समर चौहान और हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के महासचिव हरीश पराशर ने इस बस हादसे की जांच मांगी है और बस के सेफ्टी फीचरों को लेकर सवाल उठाए हैं।
सीटें कैसे उखड़ गईं
खमेंद्र गुप्ता ने बस के सेफ्टी फीचरों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक टैंकर से बस की जोरदार टक्कर हुई। जिसमें माना जा सकता है कि बस का डैश बोर्ड सहित अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। जोकि बस को देखने पर सामने भी आ रहा है कि जोरदार टक्कर में टूटा होगा। लेकिन इस हादसे में बस की सीटें तक उखड़ गईं। यह यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल उठाते हैं।
हाल ही में खरीदी हैं बसें
उन्होंने कहा कि यह बीएस-6 बसें हैं और अभी कुछ साल पहले ही खरीदी हैं। क्या बस खरीद में यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में नहीं रखा गया है, जिससे सीटें तक उखड़ गईं। वहीं, अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि इस बस हादसे में चालक की सुरक्षा पर सवाल खड़ा होता है कि ऐसे हादसें में चालक सुरक्षित है या नहीं। ऐसे में इस बस हादसे की जांच होनी चाहिए।
