विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल बस हादसा: ड्राइवर ने अचानक छाती पकड़ी और स्टीयरिंग छोड़ हो गया बेहोश, कंडक्टर ने बताई आंखों देखी

By Neeraj Vyas Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 03 May 2026 04:36 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के नूरपुर में एक निजी बस चालक को दिल का दौरा पड़ने से बस अनियंत्रित ...और पढ़ें

नूरपुर में सड़क पर पलटी बस व हार्ट अटैक के बाद उपचाराधीन ड्राइवर।

नूरपुर में सड़क पर पलटी बस व हार्ट अटैक के बाद उपचाराधीन ड्राइवर।

HighLights

  1. चालक को दिल का दौरा पड़ने से हादसा।

  2. कांगड़ा बस दुर्घटना में 28 यात्री घायल।

  3. बस खाई में गिरने से बाल-बाल बची।

संवाद सहयोगी, नूरपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में हुए बस हादसे ने सबको झकझोर दिया है। नूरपुर के न्याजपुर के निकट रविवार को सुबह 11 बजे चंबा से ऊना जा रही निजी बस ( एचपी 72डी- 3791) तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। बस चालक को हार्ट अटैक आने से बस अनियंत्रित होकर सड़क पर हो पलट गई। बस परिचालक व लोगों के मुताबिक अचानक चालक छाती पकड़ने लगा और एक मिनट में ही बेहोश होकर खिड़की से बाहर सड़क पर जा गिरा और बस पलट गई। चारों तरफ अफरा तफरी व चीखों पुकार का माहौल था।

बस कंडक्टर की जुबानी

बस के परिचालक अमित निवासी जिला ऊना ने बताया कि न्याजपुर के निकट बस चालक अचानक दर्द से अपनी छाती दबाने लगा व पलभर में ही बेहोश होकर खिड़की पर गिर गया और बाहर सड़क पर जा गिरा। इस दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों बीच पलट गई।

28 यात्री हो गए घायल

इस हादसे में लगभग 28 यात्री घायल हो गए, इनमें तीन को टांडा रेफर किया गया। टांडा रेफर करने वालों में बस का चालक ऊना निवासी मनजीत सिंह, नितिका पुत्री किशन चन्द निवासी गांव घरोला डा. बाथडी तहसील डलहौजी जिला चंबा व पिहू पुत्री अजेश कुमार निवासी गांव पलेही डाकघर चकलू तहसील व जिला चंबा शामिल हैं।

दूसरी तरफ थी गहरी खाई

घायलों को एंबुलेंस व स्थानीय लोगों के सहयोग से जल्द ही सिविल अस्पताल लाया गया, यहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया और गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को टांडा मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया, जिसमें बस चालक भी शामिल है। जिस जगह पर हादसा हुआ वहां साथ ही खाई है, अगर बस खाई की ओर पलट जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत यह रही कि बस सड़क के बीचोबीच ही पलट गई। 

इमरजेंसी में अस्पताल बुलाए डॉक्टर

सड़क दुर्घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल का स्टाफ व डॉक्टर घायलों का इलाज करने में जुट गए और इस दौरान बाकी डॉक्टरों को आपातकाल सेवाओं के लिए अस्पताल बुला लिए गए। सड़क दुर्घटना की खबर मिलते ही सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, विधायक रणवीर सिंह निक्का, पूर्व विधायक अजय महाजन, एसडीएम अरुण शर्मा, वन विकास निगम के निदेशक योगेश महाजन व व्यापार मंडल के अध्यक्ष अश्वनी सूरी व अन्य अस्पताल पहुंच गए और घायलों का हाल जाना।

24 घंटे निगरानी में रहेंगे घायल

सिविल अस्पताल नूरपुर के एसएमओ डॉ. सतीश पॉल ने बताया कि बस दुर्घटना में 28 लोग घायल हुए हैं और इसमें गंभीर रूप से घायल तीन घायलों को टांडा रेफर किया गया है, जबकि 25 घायलों का यहां इलाज चल रहा है, जिन्हें 24 घंटे तक निगरानी में रखा जाएगा। 

क्या कहते हैं एसडीएम नूरपुर

वहीं एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा ने बताया कि घायलों को पांच हजार रुपये और आंशिक रूप से घायलों को दो हजार रुपये की सहायता की गई है। फील्ड स्टाफ को घायलों की जानकारी एकत्रित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि उनको पूरी सहायता राशि उपलब्ध करवाई जा सके। अस्पताल प्रशासन को घायलों का बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में भीषण सड़क हादसा: नूरपुर में ड्राइवर को हर्ट अटैक होने से पलटी बस, चंबा से ऊना जा रही थी गाड़ी