हिमाचल सरकार किन महिलाओं को देगी 1500 रुपये महीना और फ्री बिजली, क्या है चयन का फार्मूला?
हिमाचल सरकार ने 18-59 वर्ष की 3.50 लाख महिलाओं को प्रतिमाह ₹1500 और पात्र परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का निर्णय लिया है।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव
HighLights
18-59 वर्ष की 3.50 लाख महिलाओं को ₹1500 मिलेंगे।
पात्र परिवारों को हर माह 300 यूनिट मुफ्त बिजली मिलेगी।
पानी की दर ₹32 से बढ़ाकर ₹100 प्रति हजार घन फुट हुई।
जागरण टीम, शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग की 3.50 लाख महिलाओं को हर माह 1500 रुपये देगी। पात्र परिवारों को 300 यूनिट निश्शुल्क बिजली मिलेगी। सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में शुक्रवार को शिमला में हुई मंत्रिमंडल बैठक में मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
अब कई लोगों के जहन में यह सवाल है कि किन महिलाओं को सरकार यह लाभ देने जा रही है। कांग्रेस ने सरकार बनने से पहले यह घोषणा की थी कि महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। अब सुक्खू कैबिनेट में मंजूरी मिलने पर महिलाओं में उम्मीद जगी है।
कैसे होगा चयन
सरकार मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत महिलाओं को यह लाभ देगी। इसमें गरीब वर्ग की महिलाओं को ही स्थान दिया जाएगा। बीपीएल श्रेणी में चयनित परिवारों की महिलाओं को 1500 रुपये देने की तैयारी है। इन्हीं परिवारों को 300 यूनिट तक फ्री बिजली भी दी जाएगी।
प्रदेश में कितनी महिलाएं
प्रदेश में 37 लाख के करीब महिलाएं हैं। सरकार का कहना है कि 59 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को वित्तीय सहायता पहले ही 1500 रुपये की जा चुकी है। अब 18 से 59 वर्ष की पात्र महिलाओं को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री योजना की घोषणा करेंगे।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में अब पब्लिक रोड रोकना पड़ेगा महंगा, सुक्खू सरकार की नए नियमों का मंजूरी; 50 हजार तक जुर्माना लगेगा
पानी की दर 100 रुपये प्रति हजार घन फुट
उधर, पड़ोसी राज्यों, सरकारी एजेंसियों और उद्योगों को बेचे जाने वाले अतिरिक्त पानी की कीमत हिमाचल एक समान नीति के तहत तय करेगा। राज्यव्यापी नीति के तहत सभी मौजूदा और भविष्य की परियोजनाओं तथा अंतरराज्यीय जल परियोजनाओं के लिए शुरुआती दर 32 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये प्रति 1000 घन फुट की गई है।