हिमाचल के सरकारी स्कूलों में वार्षिक समारोह को लेकर नए निर्देश जारी, उल्लंघन करने पर एक्शन लेगा विभाग
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में वार्षिक समारोह आयोजित करने की अंतिम तिथि 5 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है। शिक्षा निदेशालय ने निर्देश दिए हैं।

हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में वार्षिक समारोह को लेकर नए निर्देश जारी किए गए हैं। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
वार्षिक समारोह की अंतिम तिथि 5 दिसंबर तक बढ़ी।
शिक्षा निदेशालय ने नए निर्देश जारी किए, कोई विस्तार नहीं।
उल्लंघन करने पर अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ होगी कार्रवाई।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में वार्षिक समारोह आयोजित करने की अंतिम तिथि पांच दिसंबर तक बढ़ा दी गई है। शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में नए निर्देश जारी किए हैं। इससे पहले 18 नवंबर को जारी आदेश में वार्षिक समारोह आयोजित करने की समयसीमा तय की गई थी।
नहीं होगा विस्तार
निदेशालय ने प्रदेश के सभी उपनिदेशकों (उच्चतर एवं प्रारंभिक शिक्षा) को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीन आने वाले सभी सरकारी स्कूलों में पांच दिसंबर से पहले वार्षिक समारोह करवाना सुनिश्चित करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इसके बाद समारोह आयोजित करने की तिथि में कोई और विस्तार नहीं दिया जाएगा।
निर्देशों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
शिक्षा निदेशालय ने निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने को कहा है। आदेशों में चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समयसीमा का उल्लंघन करने या निर्देशों की अनुपालना नहीं करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में अनुशासनात्मक कार्रवाई भी हो सकती है।
इसलिए जारी किए गए निर्देश
शिक्षा विभाग ने यह निर्देश इसलिए जारी किए हैं, ताकि आगे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो। नौ दिसंबर से शीतकालीन स्कूलों में वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। वहीं, समर स्कूलों में फरवरी से प्रैक्टिकल और मार्च से वार्षिक परीक्षाएं होंगी। ऐसे में बच्चों को सिलेबस पूरा करने के साथ रिवीजन का समय भी मिले, इसके लिए वार्षिक कार्यक्रमों की डेडलाइन तय की गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।