6 दिन धर्मशाला से चलेगी हिमाचल सरकार, विधानसभा सत्र के लिए पहुंचे 413 प्रश्न; अहम संशोधन विधेयक होंगे पेश
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का छह दिवसीय शीतकालीन सत्र सोमवार से धर्मशाला में शुरू होगा। इसमें 413 से अधिक प्रश्न उठाए जाएंगे।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का धर्मशाला तपोवन स्थित परिसर। जागरण आर्काइव
HighLights
सत्र में 413 से अधिक प्रश्न उठाए जाएंगे।
शिमला रोड परमिट की अवधि तीन साल होगी।
शहरी क्षेत्रों में तारों के जंजाल पर नकेल कसेगी।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा का छह दिवसीय अंतिम शीतकालीन सत्र सोमवार से धर्मशाला में शुरू होगा। 16 से 21 नवंबर तक चलने वाले इस सत्र में भाजपा और सत्तारूढ़ कांग्रेस के विधायकों ने 413 से अधिक प्रश्नों से विभिन्न विभागों के कामकाज, जनसमस्याओं और सरकारी फैसलों पर सरकार से जवाब मांगने की तैयारी की है।
वहीं, सुक्खू सरकार संशोधन विधेयकों से आम जनता, शहरी निकायों और कारोबारियों को राहत देने की योजना बना रही है। विपक्ष कई मुद्दों पर सरकार को घेरेगा तो सरकार भी जवाब देने को तैयार है।
6 दिन धर्मशाला से चलेगी सरकार
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू सहित पूरी सरकार सत्र में भाग लेने के लिए रविवार को धर्मशाला रवाना होगी। 6 दिन सरकार धर्मशाला से ही चलेगी। सीएम सहित सभी मंत्री, विधायक व उच्च अधिकारी धर्मशाला पहुंचेंगे। सोमवार दोपहर दो बजे विधानसभा की कार्यवाही शुरू होगी। इसी दिन कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी। इसमें विपक्ष के संभावित सवालों का जवाब देने, सरकार का पक्ष प्रभावी ढंग से रखने और विधायी कार्यों को आगे बढ़ाने की रणनीति बनेगी।
शिमलावासियों को राहत, तीन साल के लिए बनेगा रोड परमिट
शिमला के स्थानीय निवासियों को राहत देने के लिए शिमला यूजर एंड पेडेस्ट्रियन एक्ट में संशोधन का प्रस्ताव सत्र के प्रमुख विधायी कार्यों में शामिल है। इसके तहत रोड परमिट की अवधि तीन वर्ष करने की व्यवस्था प्रस्तावित है। अभी परमिट छह महीने या एक वर्ष के लिए जारी होता है। संशोधन से स्थानीय लोगों को बार-बार नवीनीकरण की प्रक्रिया से राहत मिलेगी।
शहरों में तारों के जंजाल और अवैध कब्जों पर कसेगी नकेल
शहरी क्षेत्रों में बिजली, केबल और इंटरनेट तारों के अनियोजित जाल को व्यवस्थित करने के लिए सरकार म्यूनिसिपल कारपोरेशन एक्ट और म्यूनिसिपल एक्ट में संशोधन के दो अलग-अलग विधेयक लाएगी। इनके तहत नगर निगमों और शहरी निकायों को तारों की व्यवस्था सुधारने, जरूरी कार्रवाई करने और संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय करने के अधिकार देने का प्रस्ताव है। सार्वजनिक रास्तों को रोकने और सड़कों पर अवैध कब्जों से जुड़े प्रावधान सख्त करने के लिए भी संशोधन विधेयक लाया जाएगा।
अन्य महत्वपूर्ण संशोधन विधेयक
- जन विश्वास विधेयक: कारोबार और उद्योगों से संबंधित अनावश्यक कानूनी प्रविधानों को समाप्त कर प्रदेश में ईज आफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा दिया जाएगा।
- तकनीकी विश्वविद्यालय में नया पद: प्रदेश के तकनीकी विश्वविद्यालय में प्रो-वाइस चांसलर की नियुक्ति का प्रावधान करने के लिए कानूनी संशोधन किया जा सकता है।
- भू-संशोधन और खादी बोर्ड: मंत्रिमंडल से पहले ही स्वीकृत हो चुके भू-संशोधन नियमों में बदलाव के साथ-साथ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड अधिनियम में संशोधन भी सरकार के विधायी एजेंडे में शामिल है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल सरकार को पेंशनर्स का अल्टीमेटम, देनदारियों का भुगतान न होने पर तपोवन में विधानसभा का घेराव करेंगे
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।