Himachal Weather: हिमाचल में शुष्क मौसम से चिंतित किसान, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से बंधी बारिश की उम्मीद
हिमाचल में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम ने किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ा दी है, जिससे रबी फसलों और सेब की खेती पर बुरा असर पड़ रहा है।

हिमाचल प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से बारिश व बर्फबारी की उम्मीद बंधी है।
HighLights
शुष्क मौसम से रबी फसलों की बुआई और विकास प्रभावित।
सेब बागवानी पर भी नमी की कमी का नकारात्मक असर।
पश्चिमी विक्षोभ से वर्षा की उम्मीद, किसानों को राहत संभव।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश की चोटियों पर हल्के हिमपात व तापमान में गिरावट के बीच मध्य व निचले इलाकों में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम ने किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ा दी है। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में पर्याप्त वर्षा न होने से जमीन में नमी का स्तर घटा है। इससे रबी सीजन की मुख्य फसलों गेहूं, जौ, सरसों, चना, मटर और लहसुन की बुआई और शुरुआती विकास पर असर पड़ रहा है।
हालांकि, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 और 13 नवंबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में आंधी के साथ वर्षा तथा ऊंचे इलाकों में हिमपात की संभावना जताई है। यदि इस दौरान पर्याप्त वर्षा होती है तो मिट्टी में नमी लौट आएगी और गेहूं व जौ की बिजाई हो सकेगी। इससे शुष्क ठंड और पाले से फसलों को होने वाले नुकसान में कमी आएगी।
80 प्रतिशत कृषि वर्षा आधारित
प्रदेश में लगभग 80 प्रतिशत कृषि क्षेत्र वर्षा आधारित है। गेहूं की बुआई के लिए मिट्टी में उपयुक्त नमी होना अनिवार्य है। अक्टूबर और नवंबर के पहले पखवाड़े में वर्षा होने के कारण बुआई नहीं हो पाई है। बुआई में देरी होने से आगे चलकर पौधों में फुटाव कम होगा, जिसका नुकसान अंतिम पैदावार पर पड़ेगा। शिमला, सोलन, सिरमौर, कुल्लू और मंडी जिले में बड़े पैमाने पर अगेती मटर और लहसुन की खेती की जाती है।
फसलों पर संकट
जिन किसानों ने हल्की नमी में बिजाई की थी, वहां शुष्क मौसम और तेज धूप के कारण बीज अंकुरित नहीं हो पा रहे हैं। जिन क्षेत्रों में अंकुरण हो चुका है, वहां नमी की कमी से पौधे पीले पड़ने और सूखने की कगार पर हैं। लगातार शुष्क ठंड पड़ने और नमी न होने से मिट्टी में दीमक और पौधों पर माहू जैसे रसचूसक कीटों का प्रकोप बढ़ जाता है।
सेब बागवानी पर भी असर
रबी सीजन केवल फसलों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समय सेब और अन्य गुठलीदार फलों (आड़ू, प्लम, खुबानी) के बगीचों में नई रोपाई, तौलिया बनाने और खाद डालने के लिए भी महत्वपूर्ण होता है। मिट्टी में शुष्कपन के कारण पेड़ों की जड़ें पोषक तत्व ग्रहण नहीं कर पातीं। पर्याप्त हिमपात व वर्षा के अभाव में सेब के पेड़ों के लिए आवश्यक चिलिंग आवर्स की प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है।
कृषि विशेषज्ञों की सलाह
वर्षा आधारित क्षेत्रों के किसान जब तक पर्याप्त वर्षा न हो, तब तक बिना सिंचाई वाले खेतों में बीजों की बुआई करने से बचें। लहसुन और मटर की क्यारियों में सूखी घास या पत्तियों से मल्चिंग करें, जिससे जमीन की बची नमी सुरक्षित रहे। जिन किसानों के पास सिंचाई के साधन हैं वे शाम के समय हल्की सिंचाई करें, ताकि रात के पाले से पौधों की सुरक्षा हो सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।