हिमाचल में बदला मौसम, कुल्लू के जलोड़ी जोत में बर्फबारी में फंसे पर्यटक; पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में जलोड़ी जोत पर अचानक हुई बर्फबारी से यातायात बाधित हो गया, जिससे कई पर्यटक और वाहन फंस गए।

कुल्लू के जलोड़ी जोत में बर्फबारी में फंसे वाहन और रेस्क्यू करती पुलिस।
HighLights
जलोड़ी जोत में अचानक बर्फबारी से यातायात प्रभावित हुआ।
पुलिस ने फंसे हुए पर्यटकों और वाहनों को सुरक्षित निकाला।
पर्यटकों को जलोड़ी जोत की यात्रा से बचने की सलाह दी गई।
दविंद्र ठाकुर, कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदली है। जिला कुल्लू की 10280 फीट की ऊंचाई पर स्थित प्रसिद्ध जलोड़ी जोत में अचानक बर्फबारी ने यातायात व्यवस्था प्रभावित कर दी। जलोड़ी जोत और आसपास के क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद सड़क पर बर्फ जमने से वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी हो गई है।
बाडानाला के समीप करीब एक इंच बर्फ जमने के कारण सड़क मार्ग छोटे और बड़े वाहनों के लिए बंद हो गया है। हालात को देखते हुए जिला पुलिस ने पर्यटकों और वाहन चालकों को जलोड़ी जोत की ओर यात्रा नहीं करने की सलाह दी है।
पर्यटक वाहन भी फंसे
बर्फबारी के बीच जलोड़ी जोत के समीप कई पर्यटक और वाहन फंस गए। सूचना मिलने के बाद जिला पुलिस की बचाव टीम ने मौके पर पहुंचकर आठ दोपहिया वाहनों और 12 पैदल यात्रियों को सुरक्षित निकाला। पुलिस ने सभी को सरकारी वाहन के माध्यम से सोझा पहुंचाया।
रस्से से खींचकर निकाली गाड़ियां
इसके अलावा दो छोटे वाहनों को रस्से की सहायता से खींचकर जलोड़ी जोत के पार करवाया गया। वापसी के दौरान कुछ वाहन चालकों को गाड़ागुशैणी मार्ग से सुरक्षित निकाला गया।
पुलिस ने किया सतर्क
पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सोझा, घियागी और जिभी के स्थानीय लोगों तथा टैक्सी चालकों को भी सतर्क किया है। उन्हें पर्यटकों को जलोड़ी जोत की ओर जाने से रोकने और सड़क पर बर्फ जमने से पैदा हुए खतरे के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी कुल्लू के निर्देश
पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक एस ने पर्यटकों से विशेष आग्रह किया है कि रात के समय जलोड़ी जोत की ओर वाहन लेकर न जाएं। मौसम और सड़क की स्थिति सामान्य होने तक यात्रा स्थगित रखें। बर्फ से ढकी और फिसलन भरी सड़क पर वाहन चलाने का जोखिम न उठाएं।
पुलिस ने कहा कि सुरक्षित यात्रा के लिए रवाना होने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।