विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Himachal Weather: हिमाचल में रात को पड़ रही कड़ाके की ठंड, 3 जगह शून्य से नीचे पहुंचा तापमान

By Parkash Bhardwaj Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 05 Nov 2026 06:45 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश में शुष्क मौसम के बीच रात के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है, जिससे जनजातीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है।

हिमाचल प्रदेश में रात को कड़ाके की ठंड पड़ रही है। प्रतीकात्मक फोटो

हिमाचल प्रदेश में रात को कड़ाके की ठंड पड़ रही है। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. हिमाचल में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज।

  2. कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -2.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड।

  3. 11 नवंबर तक शुष्क मौसम, बारिश-बर्फबारी की संभावना नहीं।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में शुष्क मौसम के बीच रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे विशेष रूप से जनजातीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठिठुरन बढ़ गई है। लाहुल-स्पीति का कुकुमसेरी बुधवार को प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे माइनस 2.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 

वहीं, ताबो में न्यूनतम तापमान 0.2 और जिला मुख्यालय केलंग में 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, हालांकि यह अभी भी सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक बना हुआ है।

दिन में गुनगुनी धूप, शाम ढलते ही कंपकंपी

प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन के समय चटक धूप खिलने से मौसम सुहावना बना हुआ है। राजधानी शिमला, पर्यटन नगरी मनाली समेत मैदानी और निचले इलाकों में दिन के समय धूप के कारण हल्की तपिश महसूस की जा रही है। हालांकि, सूरज ढलते ही तापमान तेजी से लुढ़क रहा है, जिससे सुबह और रात के समय ठंड का असर साफ दिखाई देने लगा है।

11 नवंबर तक बारिश-बर्फबारी के आसार नहीं

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी 11 नवंबर तक राज्यभर में मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क बना रहेगा। इस दौरान बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। अगले एक सप्ताह तक दिन में नियमित धूप खिलने से अधिकतम तापमान सामान्य बना रहेगा, जबकि रात के पारे में निरंतर गिरावट के चलते ठंड का दौर और तेज होने के आसार हैं।

प्रमुख शहरों का तापमान

  • शहर, न्यूनतम, अधिकतम
  • शिमला, 11.0, 21.5
  • सुंदरनगर, 10.7, 29.4
  • कल्पा, 3.0, 18.3
  • धर्मशाला, 11.8, 26.0
  • ऊना, 13.5, 33.4
  • केलंग 0.4, 12.7
  • सोलन, 9.5, 25.5
  • मनाली, 7.1, 20.8
  • कांगड़ा, 12.0, 28.3
  • मंडी, 11.9, 27.6
  • बिलासपुर, 12.0, 28.0
  • कुकुमसेरी, -2.4, -
  • ताबो, 0.2, 15.4

यह भी पढ़ें: हिमाचल में मौसम ने ली करवट, रोहतांग सहित मनाली की पहाड़ियों पर बर्फबारी; टूरिस्ट की स्नोफॉल में मस्ती 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।