Himachal Weather: हिमाचल में दिवाली पर कैसा रहेगा मौसम, बरसेंगे बादल या चमकेंगे तारे? आ गया अपडेट
हिमाचल प्रदेश में दीपावली के पावन पर्व पर मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है, जिससे लोग बिना किसी ...और पढ़ें

रोहतांग दर्रे पर सोमवार को हुआ ताजा हिमपात।
HighLights
दीपावली पर हिमाचल में मौसम रहेगा साफ।
9 नवंबर तक शुष्क और धूप वाला मौसम।
मनाली-लाहुल में बर्फबारी से बढ़ी ठंड।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में दीपावली के पावन पर्व पर आठ नवंबर को भी मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 9 नवंबर तक मौसम साफ रहेगा। प्रदेश में मौसम पूरी तरह से साफ और शुष्क रहने वाला है। यानी इस बार दिवाली की जगमगाती रात में बादलों या वर्षा का कोई खलल नहीं होगा, जिससे लोग बिना किसी बाधा के रोशनी के इस पर्व का खुलकर आनंद ले सकेंगे।
प्रदेशभर में बीते चौबीस घंटों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया है, हालांकि अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है।
मनाली और लाहुल का मौसम ठंडा
मनाली की पहाड़ियों और रोहतांग पास सहित बारालाचा और शिंकुला में बर्फबारी होने से लाहुल व मनाली का मौसम ठंडा हो गया है। रोहतांग दर्रे पर पहुंचे पर्यटकों ने स्नोफॉल का आनंद लिया।
यहां माइनस में पहुंचा तापमान
मैदानी क्षेत्र ऊना का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक रहा। जनजातीय क्षेत्र कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान गिरकर -1.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। शिमला में अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सुंदरनगर में कोहरा
सुंदरनगर में सोमवार सुबह के वक्त मध्यम कोहरा रहा, जिस कारण दृश्यता 200 मीटर रही। लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही धूप खिलने से मौसम बिल्कुल सुहाना हो गया।
कहां कितना तापमान
- स्थान न्यूनतम अधिकतम
- शिमला 11.0 21.7
- सुन्दरनगर 12.8 27.3
- भुंतर 10.6 28.3
- कल्पा 4.2 11.4
- धर्मशाला 13.6 25.0
- कांगड़ा 14.4 27.6
- ऊना 12.5 32.4
- नाहन 14.5 25.6
- केलंग 1.1 14.0
- सोलन 10.3 25.0
यह भी पढ़ें: हिमाचल में मौसम ने ली करवट, रोहतांग सहित मनाली की पहाड़ियों पर बर्फबारी; टूरिस्ट की स्नोफॉल में मस्ती