Himachal Weather: हिमाचल में कड़ाके की ठंड, तीन जिलों में 5 दिन तक घने कोहरे की चेतावनी; कब से बदलेगा मौसम?
हिमाचल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है, तीन जिलों में 5 दिनों के लिए घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।

बिलासपुर शहर में छाया घना कोहरा। जागरण
HighLights
मंडी, हमीरपुर, बिलासपुर में 2 दिसंबर तक घने कोहरे की चेतावनी।
हिमाचल प्रदेश में 2 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान।
न्यूनतम तापमान में गिरावट, कुफरी और केलंग में माइनस में।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज शुष्क बना हुआ है, लेकिन निचले और मध्य पर्वतीय इलाकों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मंडी, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों में 2 दिसंबर तक 5 दिन देर रात और सुबह के समय घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।
हमीरपुर के सुजानपुर और आसपास के क्षेत्रों, मंडी की बल्ह घाटी तथा बिलासपुर के भाखड़ा बांध जलाशय क्षेत्र में मध्यम से घना कोहरा छाने का पूर्वानुमान जताया गया है, जिससे सुबह-शाम सफर करने वालों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
शुष्क ही रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार पूरे प्रदेश में वर्षा या बर्फबारी के आसार नहीं हैं और 2 दिसंबर तक मौसम शुष्क ही रहेगा।
न्यूनतम तापमान में गिरावट
प्रदेश में न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री का अंतर आया है। शिमला के कुफरी में न्यूनतम तापमान में 3.2 डिग्री की गिरावट आने से 6.9 डिग्री, शिमला में 1.2 डिग्री की गिरावट आने से 9 डिग्री दर्ज किया गया।
माइनस 4 डिग्री तक पहुंचा तापमान
ताबो में 1.9 डिग्री की वृद्धि के साथ न्यूनतम तापमान -4.2 डिग्री कुकुमसेरी में 0.4 डिग्री की गिरावट के साथ -4.1, केलंग में -1.2 डिग्री दर्ज किया गया है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में ऊना 27.8 डिग्री रहा जो प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा।
कहां कितना तापमान
- स्थान न्यूनतम अधिकतम
- शिमला 9.0. 18.6
- सुन्दरनगर 3.6 22.4
- भुंतर 2.4 23.4
- धर्मशाला 11.3 21.0
- कांगड़ा 7.8 22.9
- ऊना 7.4 27.8
- नाहन 9.7 21.9
- केलंग -1.2 13.9
- सोलन 3.6 21.0
यह भी पढ़ें: हिमाचल में सड़क पर जमी बर्फ बनी जानलेवा, लाहुल में गाड़ी नाले में गिरने से पति-पत्नी की मौत; एक घायल