हिमाचल में सड़क पर जमी बर्फ बनी जानलेवा, लाहुल में गाड़ी नाले में गिरने से पति-पत्नी की मौत; एक घायल
हिमाचल प्रदेश के लाहुल-स्पीति में कड़ाके की ठंड के कारण सड़क पर जमे पानी से एक गाड़ी नाले में गिर गई। इस हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया।

लाहुल में बर्फ पर फिसलकर गाड़ी नाले में गिर गई। घायल को रेस्क्यू करती टीम। सौ. पुलिस
HighLights
लाहुल-स्पीति में सड़क पर पानी जमने से हादसा।
गाड़ी नाले में गिरी, पति-पत्नी की दुखद मौत।
एक युवक घायल, केलंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जागरण संवाददाता, मनाली। हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड जानलेवा बनने लगी है। लाहुल-स्पीति में कड़ाके की ठंड के कारण सड़क पर पानी जमने से एक गाड़ी नाले में जा गिरी। हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई व एक युवक घायल है। तांदी-प्यूकर मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास यह वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ है।
मृतकों की पहचान अजय पुत्र दीवान चंद व उनकी पत्नी अंजली कटराई जिला कुल्लू के रूप में हुई है। घायल अक्षय पुत्र जवाहर लाल लापसंग केलंग जिला लाहुल स्पीति का निवासी है।
सड़क पर जमा था पानी
सड़क पर पानी जमने से यह हादसा हुआ है। पारा लुढ़कने के कारण तीन दिन से लाहुल घाटी में ब्लैक आइस व पानी जमने से वाहनों के असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले सामने आ रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची ओर राहत कार्य शुरू किए।
तांदी की ओर जा रही थी गाड़ी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तांदी-प्यूकर मार्ग पर वाहन एचपी 42-3830 पिकअप गाड़ी गोजंग गांव से तांदी की ओर जा रही थी। रास्ते में एक नाले में पानी जमा होने के कारण, ड्राइवर गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया, वह सड़क से फिसल गई और नीचे नाले में जा गिरी।
गाड़ी में कुल तीन लोग सवार थे, जिनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल थी। दुर्भाग्यवश एक पुरुष और एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा व्यक्ति घायल हो गया।
घायल केलंग अस्पताल में भर्ती
घायल को इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलंग ले जाया गया। केलंग अस्पताल की मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज डॉ. सुषमा स्वांगला ने बताया कि सक्षम का इलाज चल रहा है, उनकी हालत खतरे से बाहर है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।