Himachal Weather: हिमाचल में कड़ाके की ठंड के साथ कोहरे ने बढ़ाई परेशानी, 3 जगह माइनस में पहुंचा तापमान
हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ रहने के बावजूद सुबह-शाम की ठंड और कोहरे ने दृश्यता घटाई है। कुकुमसेरी, केलंग और ताबो में तापमान माइनस में दर्ज किया गया।

हिमाचल प्रदेश में शुष्क मौसम के बीच कड़ाके की ठंड पड़ रही है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
सुबह-शाम की ठंड और कोहरे ने बढ़ाई परेशानी।
कुकुमसेरी, केलंग, ताबो में तापमान शून्य से नीचे।
29 नवंबर तक वर्षा या बर्फबारी की संभावना नहीं।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क बने रहने के बीच सुबह-शाम की सर्दी का असर चुभने लगा है। वहीं कोहरे ने भी कुछ हिस्सों में दृश्यता घटा दी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 29 नवंबर तक प्रदेश में वर्षा या बर्फबारी के आसार नहीं हैं।
सुंदरनगर में दृश्यता 70 मीटर तो बिलासपुर में 200 मीटर दृश्यता रही है। इस कारण वाहन चलाने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। वाहन चालकों के लिए एडवायजरी जारी की गई है कि घने कोहरे में वाहनों को चलाने से परहेज करें यदि आवश्यक हो तो संभलकर और तेज गति से वाहन न चलाएं।
तीन जगह माइनस में तापमान
प्रदेश में कुकुमसेरी सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान -3.0 डिग्री जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम दर्ज किया गया। केलंग में 1.6 डिग्री की गिरावट आने से न्यूनतम तापमान -2.0 डिग्री दर्ज किया गया। ताबो में 3.3 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके बावजूद न्यूनतम तापमान -1.3 डिग्री दर्ज किया गया।
शुष्क मौसम में तापमान में गिरावट
नबंवर में हर वर्ष मौसम के शुष्क रहने पर सुबह के तापमान में गिरावट रहती है। सर्दियों में तब धूप के तेवर ज्यादा कड़े रहते हैं तो मैदानी क्षेत्रों में कम तापमान रहता है। इन दिनों न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास है, जबकि अधिकतम तापमान भी एक से दो डिग्री का अंतर है। कुछ स्थानों पर सामान्य से कम तो कुछ में अधिक है।
कहां कितना तापमान
- स्थान न्यूनतम अधिकतम
- शिमला 7.6 19.1
- सुन्दरनगर 5.6 24.8
- भुंतर 4.3 24.1
- कल्पा 1.8 15.8
- धर्मशाला 10.2 23.0
- कांगड़ा 7.5 26.1
- ऊना 7.6 27.6
- नाहन 9.9 22.5
- केलंग -2.0 13.7
- सोलन 5.0 22.2
यह भी पढ़ें: हिमाचल में सड़कों पर जमने लगी बर्फ, रोहतांग जाने वाले पर्यटकों के लिए प्रशासन ने टाइमिंग की तय; एडवायजरी जारी