Himachal Weather: हिमाचल में बर्फबारी से बढ़ी ठंड, 8 डिग्री तक लुढ़का तापमान; आज कैसा रहेगा मौसम?
हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और कुछ स्थानों पर वर्षा हुई, जिससे कड़ाके की ठंड बढ़ गई है।

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद मौसम ठंडा हो गया है।
HighLights
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी, कड़ाके की ठंड।
नवंबर में सामान्य से 70% कम वर्षा दर्ज।
तापमान में 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर मिला-जुला और बेहद मायूस करने वाला रहा है। रविवार को रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा, कुंजुम सहित धौलाधार में हल्का हिमपात हुआ। शिमला सहित कांगड़ा और कुछ एक स्थानों पर हल्की वर्षा हुई है। हिमपात और वर्षा के बीच समूचा प्रदेश ठंड की चपेट में है और हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है।
ऊंचाई वाले इलाकों में जहां एक ओर बर्फ की सफेदी ने सर्दियों के तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं, वहीं मैदानों और घाटियों के किसानों व बागबानों के हाथ एक बार फिर निराशा ही लगी है। बादलों की आवाजाही और हल्की छिटपुट फुहारों के बाद बादल बिना बरसे ही लौट गए, जिससे लंबे समय से सूखे का सामना कर रहे अन्नदाताओं की उम्मीदें धरी रह गईं।
आज मौसम साफ, कल बर्फबारी की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार से प्रदेश में मौसम के साफ रहने का अनुमान है। हालांकि ऊंचे क्षेत्रों में मंगलवार को एक-दो स्थानों पर हल्का हिमपात हो सकता है, जबकि बाकी स्थानों में मौसम के पूरी तरह से साफ रहने का अनुमान है।
नवंबर में सूखा, सामान्य से 70 प्रतिशत कम वर्षा
इस बार नवंबर का महीना खेती-किसानी और बागबानी के लिहाज से बेहद रूखा साबित हो रहा है। 1 नवंबर से 15 नवंबर के बीच पूरे प्रदेश में सामान्य वर्षा 8.5 मिलीमीटर होनी चाहिए थी, जिसके मुकाबले मात्र 2.6 मिलीमीटर वर्षा ही दर्ज की गई जो सामान्य से 70 प्रतिशत की भारी कमी दर्ज की गई है। बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सिरमौर और ऊना जैसे जिलों में तो इस अवधि में 99 से 100 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई।
कुल्लू में सामान्य से -97, मंडी में -98 प्रतिशत, सोलन -89 और शिमला -84 प्रतिशत दर्ज की गई। वर्षा न होने के बराबर है, जिससे सेब के बागीचों और रबी की फसलों गेहूं व अन्य मौसमी फसलों की बीजाई पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।
हाड़ कंपाने वाली ठंड और गिरा पारा
पहाड़ों में हुई बर्फबारी और ठंडी हवाओं के कारण प्रदेशभर में पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई है। कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। कल्पा और केलांग जैसे उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान पहले ही शून्य के करीब या माइनस में पहुंच चुका है, जिससे सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई है और लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। कल्पा में अधिकतम तापमान में 8.8 डिग्री की गिरावट, ताबो में 5, मंडी में 4.8 जबकि बाकी स्थानों पर करीब तीन और उससे कम गिरावट आई है।
कहां कितना तापमान
- स्थान न्यूनतम अधिकतम
- शिमला 9.0 17.8
- सुन्दरनगर 9.6 25.6
- भुंतर 9.4 22.5
- कल्पा 2.8 5.8
- धर्मशाला 11.8 22.0
- कांगड़ा 10.5 25.5
- ऊना 11.4 33.0
- नाहन 11.8 25.4
- केलंग -2.5 8.8
- सोलन 9.5 24.8
यह भी पढ़ें: हिमाचल में बर्फबारी लाई पर्यटकों की रौनक, मनाली व शिमला के होटलों में आक्यूपेंसी बढ़ी; कहां हैं स्नो प्वाइंट्स?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।