हिमाचल में बर्फबारी लाई पर्यटकों की रौनक, मनाली व शिमला के होटलों में आक्यूपेंसी बढ़ी; कहां हैं स्नो प्वाइंट्स?
हिमाचल प्रदेश में पहाड़ों पर हुई बर्फबारी ने पर्यटन कारोबार को नई रौनक दी है, जिससे शिमला, मनाली जैसे प्रमुख स्थलों पर पर्यटकों की आमद बढ़ी है। ्र

रोहतांग पास पर रविवार को पहुंचे पर्यटक।
HighLights
बर्फबारी से हिमाचल के पर्यटन कारोबार में फिर रौनक लौटी।
शिमला, मनाली सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भीड़ बढ़ी।
होटलों की आक्यूपेंसी में सुधार, विदेशी सैलानी भी पहुंचे।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में पहाड़ों और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से पर्यटन कारोबार में वीकेंड पर फिर रौनक लौटी है। दीपावली के दौरान पर्यटकों की आमद में आई गिरावट के बाद अब पहाड़ों की ओर सैलानियों का रुख बढ़ा है। खासकर ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी ने पर्यटन सीजन को नई संजीवनी दी है।
शिमला, मनाली और धर्मशाला सहित प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में वीकेंड पर पर्यटकों की अच्छी आवाजाही रही। होटलों की आक्यूपेंसी में भी सुधार दर्ज किया गया है।
होटलों में आक्यूपेंसी बढ़ी
मनाली और कसौली में होटलों की आक्यूपेंसी करीब 70 प्रतिशत, शिमला में 65 प्रतिशत तक बताई जा रही है, जबकि कांगड़ा में भी यह करीब 65 प्रतिशत रही। इस बार घरेलू पर्यटकों के साथ विदेशी सैलानियों की संख्या भी अच्छी दिखाई दी।
बर्फबारी की उम्मीद में पहुंचे पर्यटक
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल पहुंचे। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के अनुसार, बर्फबारी की उम्मीद से पर्यटकों में पहाड़ों की ओर आने का उत्साह बढ़ा है।
यहां बर्फ के दीदार
लाहुल-स्पीति, रोहतांग और कुल्लू के जलोड़ी जोत में बर्फ की सफेद चादर पर्यटकों को आकर्षित कर रही है। सर्दियों का पर्यटन सीजन शुरू होने के साथ ही आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। रविवार को चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ। रोहतांग दर्रा, जलोड़ी जोत और लाहुल-स्पीति के ऊंचाई वाले मार्गों पर हिमपात के कारण फिसलन है। हालांकि सड़कें अब बहाल हैं। सोलंग घाटी, अटल टनल के आसपास, शिमला के कुफरी, नारकंडा और किन्नौर में पर्यटकों की संख्या काफी बढ़ी है। यहां भी बर्फ के फाहे गिरे।
पर्यटन सीजन में नहीं रहती होटलों में छूट
पर्यटन सीजन के दौरान होटलों में छूट नहीं रहती है। हालांकि अन्य दिनों में 15 से बीस प्रतिशत तक छूट प्रदान की जाती है। हालांकि इन दिनों में कुछ एक निजी होटल 10 प्रतिशत तक छूट दे रहे हैं, जबकि तीन सितारा और पांच सितारा होटलों में कोई छूट नहीं दी जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।