बिना परमिट अवैध तौर पर हिमाचल आने वाली लग्जरी बसों पर कार्रवाई करेगा परिवहन विभाग, शिमला में लगेंगे नाके
हिमाचल परिवहन विभाग शिमला में विंटर सीजन से पहले अवैध लग्जरी बसों पर कार्रवाई करेगा। प्रमुख मार्गों पर नाके लगाकर परमिट और अन्य दस्तावेजों की जांच की जाएगी ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित हो।

हिमाचल प्रदेश में अवैध रूप से आने वाली लग्जरी बसों पर अब कार्रवाई होगी। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
विंटर सीजन से पहले अवैध बसों पर कार्रवाई शुरू।
शिमला के प्रवेश मार्गों पर लगेंगे जांच नाके।
परिवहन विभाग की फ्लाइंग स्क्वायड टीम तैनात।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में विंटर सीजन शुरू होने से पहले परिवहन विभाग ने भी कमर कस ली है। पर्यटन सीजन के दौरान अन्य राज्यों से आने वाली प्राइवेट लग्जरी बसों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विभाग ने अवैध रूप से संचालित होने वाली बसों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए शिमला में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी की जाएगी।
शोघी सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर परिवहन विभाग की टीमें तैनात करने की योजना बनाई गई है। परिवहन विभाग ने इसके लिए फ्लाइंग स्कवायड भी तैयार कर लिया है। वहीं आरटीओ शिमला भी फील्ड में उतरेंगे।
भारी संख्या में पहुंचती हैं बसें
शिमला में पर्यटन सीजन के दौरान दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक निजी लग्जरी बसों के माध्यम से पहुंचते हैं। पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही के बीच कई बस संचालक प्रदेश में बसों का संचालन करते हैं। ऐसे में परिवहन विभाग अब यह सुनिश्चित करना चाहता है कि बाहरी राज्यों से आने वाली बसें निर्धारित नियमों और परमिट के अनुसार ही सड़कों पर दौड़ें।
विभाग की ओर से प्रस्तावित कार्रवाई के तहत नाकों पर बसों को रोककर उनके परमिट, पंजीकरण प्रमाणपत्र, बीमा, फिटनेस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
शहर में बढ़ेगा वाहनों का दबाव
पर्यटन सीजन के दौरान शिमला में पर्यटकों की संख्या बढ़ने से सड़कों पर वाहनों का दबाव भी बढ़ जाता है। वोल्वो बसों की आवाजाही के कारण प्रवेश मार्गों और शहर के आसपास यातायात प्रभावित होने की आशंका रहती है। ऐसे में परिवहन विभाग की कार्रवाई को यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
शोघी शिमला का प्रमुख प्रवेश मार्ग होने के कारण यहां विशेष निगरानी रखने की तैयारी है। विभाग का प्रयास रहेगा कि नियमों के तहत बसों का संचालन हो और अवैध तरीके से परिवहन कारोबार करने वालों पर रोक लगाई जा सके।
विंटर सीजन में अन्य राज्यों से आने वाले अवैध एवं निजी लग्जरी बसों की पर परिवहन विभाग कार्रवाई करेगा। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है। फील्ड में फ्लाइंग स्कवायड तैनात कर दिए गए है। शिमला के एंट्री प्वाइंट पर वाहनों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
-मोहन शर्मा, आरटीओ, शिमला।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में 1500 रुपये के लिए अब 2.65 लाख महिलाएं पात्र, योजना शुरू होते ही खाते में आएगी पहली किस्त
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।