हिमाचल सरकार ने सुख सम्मान निधि योजना के 7.69 लाख आवेदन रद किए, विधानसभा में सामने आए आंकड़े
हिमाचल प्रदेश में इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के 7.69 लाख आवेदन आय सीमा के कारण रद्द किए गए हैं।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का तपोवन स्थित परिसर। जागरण आर्काइव
HighLights
7.69 लाख सुख सम्मान निधि आवेदन आय सीमा के कारण रद्द।
तीन वर्षों में 2,609 सड़क हादसों में 2,399 लोगों की मौत।
चिट्टा तस्करी के 3227 मामले, 45.86 करोड़ की संपत्ति जब्त।
राज्य ब्यूरो, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश सरकार की इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत प्राप्त आवेदनों में से 7.69 लाख रद कर दिए गए हैं। योजना के तहत कुल 8,25,446 महिलाओं ने आवेदन किया था। इनमें से केवल 51,853 आवेदन स्वीकृत हुए हैं, जबकि 4408 आवेदन अभी लंबित हैं। शेष 7,69,185 आवेदन पारिवारिक वार्षिक आय की निर्धारित शर्त में संशोधन के कारण पात्र नहीं पाए गए।
विधायक सुखराम चौधरी के प्रश्न के लिखित उत्तर में सरकार ने बताया कि योजना के तहत पारिवारिक वार्षिक आय की सीमा दो लाख रुपये निर्धारित है। पात्र महिलाओं को चरणबद्ध तरीके से लाभान्वित किया जाएगा।
तीन वर्ष में हुए 2609 हादसे, 2399 लोगों की मौत
प्रदेश में सड़क हादसों में तीन वर्ष में एक नवंबर 2026 तक 2,609 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें 2,399 लोगों की जान चली गई। जान गंवाने वालों के परिवारों को सरकार ने 85 करोड़ 44 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की। हालांकि अभी भी 263 मृतकों के आश्रित परिवारों को मुआवजे का इंतजार है।
विधायक सुखराम चौधरी के प्रश्न के लिखित उत्तर में सरकार ने बताया कि वर्ष 2024 में 906 दुर्घटनाओं में 773 लोगों की मृत्यु हुई। वर्ष 2025 में 951 हादसों में 907 और वर्ष 2026 में एक नवंबर तक 752 सड़क हादसों में 719 लोगों की मृत्यु हुई है।
चिट्टे के 3227 मामले दर्ज, 45.86 करोड़ की संपत्ति जब्त
प्रदेश में तीन वर्ष में चिट्टा तस्करी के 3227 मामले दर्ज कर 5866 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान तस्करों की 45.86 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध संपत्ति भी जब्त की गई। विधायक जीत राम कटवाल के प्रश्न के लिखित उत्तर में सरकार ने सदन में यह जानकारी दी। सरकार ने बताया कि तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति जब्त करने के मामले में नूरपुर पुलिस जिला सबसे आगे रहा। यहां तीन वर्ष में 13.37 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।