विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल सरकार हर स्कूल में बनाएगी करियर काउंसिलिंग कमेटी, छात्रों की रुचि और क्षमता का बनेगा रिकॉर्ड

By Anil Thakur Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 11 Nov 2026 06:55 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अब करियर काउंसिलिंग कमेटियां बनेंगी। ये कमेटियां छात्रों को उनकी रुचि और योग्यता के ...और पढ़ें

हिमाचल के स्कूलों में बच्चों के लिए करियर काउंसिलिंग कमेटी गठित होंगी। प्रतीकात्मक फोटो

हिमाचल के स्कूलों में बच्चों के लिए करियर काउंसिलिंग कमेटी गठित होंगी। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. स्कूलों में करियर काउंसिलिंग कमेटियों का होगा गठन।

  2. छात्रों की रुचि, योग्यता का विस्तृत रिकॉर्ड बनेगा।

  3. सही विषय और करियर चुनने में मिलेगी मदद।

अनिल ठाकुर, शिमला। दसवीं के बाद कौन सा संकाय चुनना है और 12वीं के बाद किस क्षेत्र में करियर बनाना है, विद्यार्थियों को अब इन फैसलों में स्कूल स्तर पर ही मार्गदर्शन मिलेगा। शिक्षा विभाग सरकारी स्कूलों में करियर काउंसिलिंग कमेटियों का गठन करने जा रहा है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को उनकी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप विषय चयन से लेकर उच्च शिक्षा, छात्रवृत्ति, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी जाएगी।

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को दूसरों की देखा-देखी या अभिभावकों के दबाव में करियर चुनने के बजाय अपनी क्षमता के अनुसार भविष्य की राह तय करने में मदद करना है।

तैयार होगा रिकॉर्ड

इसके लिए प्रत्येक स्कूल को विद्यार्थियों की रुचि और योग्यता का विस्तृत रिकॉर्ड तैयार करना होगा। इसमें उनकी विषयगत दिलचस्पी, आगे चुने जा सकने वाले पाठ्यक्रम, उपलब्ध छात्रवृत्ति योजनाओं और रोजगार की संभावनाओं का ब्योरा शामिल रहेगा। व्यावसायिक विषय पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी संबंधित क्षेत्र में आगे करियर बनाने के विकल्प बताए जाएंगे।

निदेशक का आदेश जारी

निदेशक स्कूल शिक्षा विभाग आशीष कोहली ने इस संबंध में सभी जिलों के उपनिदेशकों को पत्र जारी किया है। स्कूलों में करियर काउंसिलिंग से जुड़ी गतिविधियों और उनकी समय-सारिणी भी निर्धारित की गई है। स्कूलों को निर्देशों के अनुसार गतिविधियां आयोजित कर रिपोर्ट शिक्षा निदेशालय को भेजनी होगी।

दसवीं के बाद रुचि के अनुसार चुन सकेंगे संकाय

दसवीं के बाद विज्ञान, वाणिज्य और कला संकाय में से चयन करना विद्यार्थियों के लिए अक्सर चुनौती बन जाता है। कई विद्यार्थी दोस्तों की देखा-देखी या अभिभावकों के दबाव में विषय चुन लेते हैं और बाद में उन्हें अपनी रुचि के विपरीत पढ़ाई करनी पड़ती है। नई व्यवस्था के तहत कमेटी विद्यार्थियों की क्षमता और रुचि का आकलन कर उन्हें उपयुक्त संकाय चुनने में मार्गदर्शन देगी।

12वीं के बाद करियर के नए विकल्पों से होंगे परिचित

12वीं के बाद विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश परीक्षाओं, व्यावसायिक शिक्षा, छात्रवृत्तियों और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। इससे वे परंपरागत पाठ्यक्रमों के अलावा अपनी रुचि के अनुरूप दूसरे क्षेत्रों में भी करियर तलाश सकेंगे। पहले भी स्कूलों को करियर काउंसिलिंग के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कई संस्थानों में इसे गंभीरता से लागू नहीं किया गया। अब प्रत्येक स्कूल में कमेटी के गठन और नियमित रिपोर्टिंग से जवाबदेही तय होगी। शिक्षा निदेशालय स्कूलों की गतिविधियों पर निगरानी रखेगा, ताकि यह व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित न रहे और विद्यार्थियों को इसका वास्तविक लाभ मिल सके।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में भाई दूज पर महिलाओं के साथ पुरुष कर्मियों को भी छुट्टी, CM सुक्खू ने किया एलान; बंद रहेंगे संस्थान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।