हिमाचल के सरकारी स्कूलों में वार्षिक समारोह की समयसीमा बढ़ाई, शिक्षा निदेशालय ने जारी किए नए निर्देश
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में वार्षिक समारोह आयोजित करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। शिक्षा निदेशालय ने निर्देश की अवहेलना पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।

हिमाचल प्रदेश में वार्षिक समारोह को लेकर नए निर्देश जारी हुए हैं। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
वार्षिक समारोह की अंतिम तिथि अब 10 दिसंबर तक बढ़ाई गई।
शिक्षा निदेशालय ने सभी उपनिदेशकों को निर्देश जारी किए हैं।
समयसीमा में कोई और विस्तार नहीं, अवहेलना पर होगी कार्रवाई।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश के ग्रीष्मकालीन अवकाश वाले सरकारी स्कूलों में अब 10 दिसंबर तक वार्षिक समारोह आयोजित किए जा सकेंगे। शिक्षा निदेशालय ने समारोहों की अंतिम तिथि बढ़ा दी है, इससे पहले विभाग ने 18 और 20 नवंबर को पत्र जारी कर स्कूलों को तय समय में आयोजन के निर्देश दिए थे।
निदेशक स्कूल शिक्षा ने प्रदेश के सभी उपनिदेशक (उच्च एवं प्रारंभिक शिक्षा) को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीन आने वाले ग्रीष्मकालीन स्कूलों के प्रमुखों को समयसीमा बढ़ने की सूचना दें और तय अवधि में समारोह सुनिश्चित करवाएं।
अब और नहीं बढ़ेगी समयसीमा
निर्देशों के अनुसार, सभी स्कूलों को 10 दिसंबर से पहले वार्षिक समारोह आयोजित करने होंगे। इसके बाद समयसीमा में कोई और विस्तार नहीं दिया जाएगा। विभाग ने उपनिदेशकों को निर्देशों का पालन सुनिश्चित करवाने को कहा है।
निर्देशों की अवहेलना पर होगी कार्रवाई
शिक्षा निदेशालय ने चेतावनी दी है कि तय समयसीमा में समारोह आयोजित नहीं करने या निर्देशों की अवहेलना करने वाले स्कूलों के मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।