विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सर्दियों में हिमाचल की टॉप-10 डेस्टिनेशन, स्नोफॉल के साथ एडवेंचर यादगार बना देगा आपका टूअर

Published: Tue, 24 Nov 2026 02:49 PM (GMT+05:30)

सर्दियों में हिमाचल प्रदेश की वादियां बर्फ से ढक जाती हैं, जहां मनाली, शिमला, स्पीति जैसी 10 बेहतरीन जगहों पर बर्फबारी और एडवेंचर का आनंद लिया जा सकता है।

हिमाचल प्रदेश में सर्दी के मौसम में घूमने लायक कई जगह हैं। प्रतीकात्मक फोटो

हिमाचल प्रदेश में सर्दी के मौसम में घूमने लायक कई जगह हैं। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. मनाली, सोलंग वैली में बर्फबारी और एडवेंचर स्पोर्ट्स का आनंद लें।

  2. शिमला, कुफरी, डलहौजी में प्राकृतिक सुंदरता और बर्फ का अनुभव।

  3. स्पीति, रोहतांग दर्रा, किन्नौर कैलाश में बर्फीले नज़ारे और रोमांच।

जसवंत ठाकुर, मनाली। सर्दियों में घूमने का प्रोग्राम बना रहे हैं तो आपके लिए हिमाचल भ्रमण सबसे अच्छा रहेगा। दिसंबर आते ही हिमाचल प्रदेश की वादियां बर्फ की सफेद चादर ओढ़ लेती हैं। ठंडी हवाएं और बर्फ से ढकी चोटियां जन्नत से कम नहीं हैं। अगर आप दिसंबर में बर्फबारी और एडवेंचर का मजा लेना चाहते हैं, तो हिमाचल की ये 10 जगहें आपके लिए बेस्ट हैं।

मनाली: बर्फ और एडवेंचर का हब

दिसंबर में मनाली सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली जगह है। यहां मॉल रोड, हिडिंबा मंदिर, जोगिनी फॉल और ओल्ड मनाली में बर्फबारी का अलग ही मजा है। बर्फ पड़ते ही मनाली के आलू ग्राउंड से नेहरू कुंड तक बर्फीली खेलों की धूम मचती है।

Manali Snowfall

सोलंग घाटी

मनाली से 12 किलोमीटर दूर सोलंग वैली में स्कीइंग, पैराग्लाइडिंग, स्नो स्कूटर और ट्यूबिंग का आनंद लिया जा सकता है। क्रिसमस और न्यू ईयर पर मनाली में पर्यटकों का मेला लग जाता है। सोलंग वैली दिसंबर में पूरी तरह बर्फ से ढक जाती है। यह स्कीइंग सीखने वालों के लिए बेस्ट जगह है। रोपवे से पूरे घाटी का नजारा दिल जीत लेता है।

solangnala

रोहतांग दर्रा : जमी झील और चारों ओर बर्फ

मनाली से 50 किमी दूर रोहतांग दर्रा दिसंबर में बर्फ का स्वर्ग बन जाता है। यहां जमी हुई झील, बर्फीली हवाएं और चारों ओर सफेद पहाड़ पर्यटकों को खूब आकर्षित करते हैं। हालांकि मौसम के अनुसार ही यहां जाने की अनुमति मिलती है। बर्फबारी अधिक होने पर यह दर्रा मार्च-अप्रैल तक बंद हो जाता है, लेकिन इसके निकटवर्ती पर्यटन स्थल कोठी, गुलाबा, राहला फाल तक आसानी से घूम सकते हैं।

rohtang

अटल टनल रोहतांग व कोकसर की वादियां

अटल टनल बनने के बाद लाहुल घाटी अब 12 महीने पर्यटकों के लिए खुली रहती हैं। मनाली से लगभग 25 किमी दूर अटल टनल का साउथ पोर्टल आता है, जबकि नौ किमी की टनल पार करते ही लाहुल घाटी पहुंच सकते हैं। यहां दिसंबर में बर्फ की साहसिक खेलों की धूम रहती है। हालांकि यहां की आवाजाही भी मौसम पर निर्भर रहती है।

Atal tunnel Snowfall

स्पीति घाटी : बर्फीला रेगिस्तान

अगर आपको रोमांच पसंद है तो स्पीति घाटी दिसंबर में किसी दूसरे ग्रह जैसी लगती है। काजा, की मठ, चिचम ब्रिज और हिक्किम गांव में बर्फबारी का अलग ही अनुभव मिलता है। हालांकि यहां तापमान माइनस में चला जाता है, इसलिए पूरी तैयारी के साथ ही जाएं।

spiti

शिमला और कुफरी

दिसंबर में शिमला रिज, मॉल रोड, जाखू मंदिर और कुफरी में बर्फबारी देखने को मिलती है। कुफरी में स्कीइंग और हॉर्स राइडिंग का मजा लिया जा सकता है। क्रिसमस व न्यू ईयर पर शिमला में पर्यटकों का सैलाब उमड़ पड़ता है।

shimla Kufri

नारकंडा में बर्फ की मस्ती

शिमला से 60 किमी दूर नारकंडा उन लोगों के लिए बेस्ट है, जो भीड़ से दूर शांति में बर्फ का मजा लेना चाहते हैं। यहां हाटू पीक पर बर्फबारी और सूर्योदय का नजारा बेहद खूबसूरत होता है। स्कीइंग के लिए भी यह शानदार जगह है।

डलहौजी-खजियार करवाते है मिनी स्विट्जरलैंड का अहसास

चंबा जिले में स्थित डलहौजी व खजियार दिसंबर में देवदार के जंगलों और बर्फ से ढकी वादियों के साथ बेहद खूबसूरत लगता है। यहां से धौलाधार रेंज का नजारा मन मोह लेता है। पंचपुला, कालाटॉप और गांधी चौक यहां के प्रमुख आकर्षण हैं। दिसंबर में बर्फ से ढका खजियार का मैदान और बीच में झील का नजारा किसी फिल्मी सीन से कम नहीं लगता। यहां पैराग्लाइडिंग और हॉर्स राइडिंग का भी मजा लिया जा सकता है।

khajjiar 1

कल्पा किन्नौर से कैलाश के दीदार

किन्नौर जिले में स्थित कल्पा से किन्नौर कैलाश पर्वत का नजारा दिसंबर में और भी भव्य हो जाता है। बर्फ से ढके सेब के बागान और लकड़ी के पारंपरिक घर यहां की खूबसूरती बढ़ा देते हैं।

kinnaur

धर्मशाला-त्रिउंड: धौलाधार की गोद में बर्फ निहारने का शानदार अनुभव

धर्मशाला और मैक्लोडगंज से त्रिउंड ट्रैक दिसंबर में बर्फबारी के लिए फेमस है। नड्डी में भी बर्फबारी के बाद डल लेक किनारे सुंदर नजारे दिखते हैं। धौलाधार की बर्फीली चोटियों के बीच ट्रैकिंग करना एडवेंचर प्रेमियों के लिए यादगार अनुभव होता है।

naddi

दिसंबर में यात्रा करने से पहले रखें इन बातों का ध्यान

दिसंबर में तापमान शून्य से नीचे जा सकता है, इसलिए गर्म कपड़े, कैप, ग्लब्ज और वॉटरप्रूफ जूते जरूर रखें।
ब्लैक आइस और फिसलन से बचने के लिए सुबह जल्दी और शाम ढलने के बाद पहाड़ी सफर से बचें। ट्रैकिंग पर जा रहे हैं तो अनुभवी गाइड के साथ ही जाएं।
बर्फ से ढके पर्यटन स्थलों की सड़क में ब्लैक आइस जम जाती है। ऐसे में फोर बाई फोर वाहनों में ही सफर को प्राथमिकता दें।
होटल की बुकिंग पहले से करवाएं, क्योंकि क्रिसमस-न्यू ईयर पर भारी भीड़ रहती है।
अपनी गाड़ी में सफर कर रहे हैं तो टायर की चेन और जरूरी सामान साथ रखें।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में सड़कों पर जमने लगी बर्फ, रोहतांग जाने वाले पर्यटकों के लिए प्रशासन ने टाइमिंग की तय; एडवायजरी जारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।