विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 04, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Himachal Mausam: हिमाचल में आज और कल बारिश-बर्फबारी के आसार, इन जिलों में शीतलहर की चेतावनी

Published: Tue, 04 Feb 2025 07:46 AM (IST)

Himachal Weather Today हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने 4 और 5 फरवरी को कई जिलों में बर्फबारी और बारिश ...और पढ़ें

प्रदेश में आज व कल वर्षा और हिमपात की संभावना (फाइल फोटो)
प्रदेश में आज व कल वर्षा और हिमपात की संभावना (फाइल फोटो)

HighLights

  1. ऊना, मंडी व बिलासपुर में कोहरे और शीतलहर की चेतावनी
  2. फलदार पौधों में इस बार फरवरी के आरंभ में आ गए फूल

राज्य ब्यूरो, शिमला। Himachal Weather News मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार चार फरवरी को दोपहर बाद कुफरी, नारकंडा, मनाली, सोलंगनाला व डलहौजी में हिमपात और कांगड़ा, मंडी, सोलन, सिरमौर व कुल्लू में वर्षा की संभावना है। पांच फरवरी को दोपहर तक हिमपात व वर्षा का अनुमान है। इससे तापमान में गिरावट आएगी।

इन जगहों पर कोहरे और शीतलहर की चेतावनी

सोमवार को धूप खिलने से अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। ऊना, मंडी व बिलासपुर में कोहरे और शीतलहर का प्रभाव रहा। मंगलवार को भी यहां पर कोहरे और शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है।

सबसे कम तापमान लाहुल स्पीति के कुकुमसेरी में -9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में सबसे अधिक वृद्धि शिमला में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई, जो सामान्य से 9.5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।

कल्पा में 2.3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ अधिकतम तापमान सामान्य से 9.8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। दिन में तेज गर्मी के कारण फलदार पौधों में फूल इस बार फरवरी के आरंभ में आ गए हैं।

भुंतर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए एक उड़ान

भुंतर हवाई अड्डे से सोमवार को एक ही उड़ान हुई। दिल्ली के लिए एयर इंडिया एयरलाइंस के जहाज ने उड़ान भरी। भुंतर हवाई अड्डे से दिल्ली, जयपुर, देहरादून व अमृतसर के लिए उड़ानें होती हैं। यहां से सप्ताह में दिल्ली के लिए लगातार उड़ाने होती हैं, जबकि अन्य उड़ानें एक-एक होती हैं।

कालका से शिमला जाने वाले छह रेलगाड़ियां सोमवार को निर्धारित समय पर रेलवे स्टेशन से रवाना हुईं। सोमवार सुबह पंजाब में कोहरे के कारण दिल्ली से अंब-अंदौरा व दौलतपुर आने वाली हिमाचल एक्सप्रेस करीब डेढ़ घंटा व वंदे भारत निर्धारित समय से 22 मिनट देरी से पहुंची।

कुल्लू, लाहुल स्पीति व मंडी में भूकंप के झटके

कुल्लू, लाहुल स्पीति व मंडी में सोमवार को सुबह 6.50 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र कुल्लू में भूमि की सतह से पांच किलोमीटर नीचे था। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.4 आंकी गई। कई स्थानों पर लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि कहीं से भी नुकसान की सूचना नहीं है।

यह भी पढ़ें- Delhi Weather: दिल्ली में दिनभर छाए रहे बादल, नहीं हुई बारिश; आज सुबह बारिश होने का अनुमान

प्रमुख शहरों में तापमान

स्थान न्यूनतम अधिकतम
शिमला 6.2 21.5
सुंदरनगर 3.5 24.8
भुंतर 2.5 25.2
कल्पा -0.5 15.3
धर्मशाला 4.8 22.0
ऊना 2.2 23.4
नाहन 8.0 22.9
केलंग -8.3 8.1
सोलन 2.0 21.0

यह भी पढ़ें- जम्मू- कश्मीर में आज से फिर बिगड़ेगा मौसम, बारिश और बर्फबारी की संभावना; पढ़ें लेटेस्ट अपडेट