विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में स्थापित होंगे 4 नए औद्योगिक पार्क, 30 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार; 234 करोड़ की DPR केंद्र को भेजी

By Parkash Bhardwaj Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 05 Nov 2026 05:45 PM (IST)Updated: Thu, 05 Nov 2026 06:03 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश में चार नए अत्याधुनिक औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे, जिनसे प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष तौर पर करीब 30 हजार लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

हिमाचल प्रदेश में चार नए औद्योगिक पार्क स्थापित होंगे। प्रतीकात्मक फोटो

हिमाचल प्रदेश में चार नए औद्योगिक पार्क स्थापित होंगे। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. हिमाचल में चार नए औद्योगिक पार्क होंगे स्थापित।

  2. लगभग 30 हजार लोगों को मिलेगा सीधा रोजगार।

  3. नालागढ़, ऊना पार्कों की डीपीआर केंद्र को भेजी।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में औद्योगिक विकास और स्थानीय युवाओं के लिए आजीविका के नए द्वार खुलने जा रहे हैं। राज्य में चार नए अत्याधुनिक औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे, जिनसे प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष तौर पर करीब 30 हजार लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उद्योग विभाग ने केंद्र सरकार की भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) के अंतर्गत पहले चरण में सोलन जिले के नालागढ़ और ऊना के टाहलीवाल में बनने वाले दो औद्योगिक पार्कों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) केंद्र सरकार को औपचारिक रूप से सौंप दी है।

केंद्र सरकार की ओर से मांगी गई आवश्यक औपचारिकताओं और दस्तावेजों को उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने नई दिल्ली जाकर संबंधित मंत्रालय में जमा करा दिया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, इन दोनों डीपीआर को दिसंबर 2027 तक अंतिम स्वीकृति मिलने के स्पष्ट संकेत मिले हैं। इन दोनों परियोजनाओं पर कुल 234 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी।

मंझोली में 154 करोड़ और टाहलीवाल में 80 करोड़ से सजेगा उद्योग

योजना के तहत पहले प्रस्ताव में नालागढ़ स्थित मंझोली औद्योगिक क्षेत्र की करीब 150 एकड़ भूमि पर 154 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक पार्क तैयार होगा। वहीं, ऊना जिले के टाहलीवाल में 75 एकड़ भूमि पर 80 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट से औद्योगिक पार्क स्थापित किया जाएगा। इस योजना की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी यह है कि स्वीकृत औद्योगिक पार्क परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार प्रति एकड़ एक करोड़ रुपये तक की केंद्रीय सहायता (ग्रांट) प्रदान करेगी।

राज्य सरकार का मानना है कि इस वित्तीय सहयोग से प्रदेश में विश्वस्तरीय अधोसंरचना तैयार होगी, जिससे बड़े औद्योगिक घराने निवेश के लिए आकर्षित होंगे।

100 में से 4 हिमाचल के खाते में

केंद्र सरकार ने देशभर में कुल 100 नए औद्योगिक पार्क विकसित करने का लक्ष्य रखा है, जिसमें से चार पार्क हिमाचल प्रदेश के हिस्से आए हैं। दो पार्कों की डीपीआर भेजने के बाद अब उद्योग विभाग कांगड़ा जिले के कदरोड़ी और सोलन जिले के कंडाघाट में स्थापित होने वाले शेष दो पार्कों के प्रस्तावों को अंतिम रूप देने में जुटा है। इन पार्कों के शुरू होने से न केवल बुनियादी ढांचा सुदृढ़ होगा, बल्कि सहायक इकाइयों (एंसीलरी यूनिट्स) और सेवा क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी।

4 औद्योगिक पार्क की स्थिति

  • औद्योगिक पार्क, जिला, प्रस्तावित क्षेत्र (एकड़), अनुमानित, स्थिति
  • मंझोली (नालागढ़), सोलन, 150 एकड़, 154 करोड़, डीपीआर केंद्र को प्रेषित
  • टाहलीवाल, ऊना, 75 एकड़, 80 करोड़, डीपीआर केंद्र को प्रेषित
  • कदरोड़ी, कांगड़ा, -, -, प्रस्ताव प्रक्रियाधीन
  • कंडाघाट, सोलन, -, -, प्रस्ताव प्रक्रियाधीन

दो प्रस्ताव केंद्र को भेजे

हिमाचल प्रदेश में औद्योगिक पार्क की परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव केंद्र को भेज दिए गए हैं। विभाग के अधिकारियों की केंद्रीय मंत्रालय के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक हो चुकी है और सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। इससे राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
-हर्षवर्धन चौहान, उद्योग मंत्री, हिमाचल प्रदेश।

यह भी पढ़ें: दीपावली से अगले दिन हमीरपुर जिले में छुट्टी का एलान, कांगड़ा में भी उठी गोवर्द्धन पूजा के अवकाश की मांग 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।