हिमाचल में महंगा मिलेगा सरकारी राशन, डिपो में चावल, आटा और चीनी के दाम में बढ़ोतरी
हिमाचल प्रदेश के राशन डिपो में अब चावल, गेहूं के आटे और चीनी के दाम बढ़ा दिए गए हैं। यह नई दरें 1 दिसंबर 2026 से लागू होंगी, जिससे एपीएल और एनएफएसए परिवारों के लिए कुछ वस्तुएं महंगी हो जाएंगी।

हिमाचल प्रदेश के राशन डिपो में सामान महंगा मिलेगा। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
हिमाचल के राशन डिपो में अब महंगा मिलेगा राशन।
चावल, गेहूं आटा और चीनी के दाम बढ़ाए गए।
नई दरें 1 दिसंबर 2026 से होंगी लागू।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश के राशन डिपो में अब महंगा मिलेगा। राज्य सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले चावल, गेहूं के आटे और चीनी के दाम बढ़ा दिए हैं। नई दरें एक दिसंबर 2026 से लागू होंगी। इसके तहत एपीएल परिवारों के लिए चावल और आटा महंगा होगा, जबकि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत आने वाले परिवारों को चीनी के लिए सात रुपये प्रति किलो अधिक चुकाने होंगे।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने इस संबंध में राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक को पत्र जारी किया है। इसमें सरकार के तीन नवंबर के आदेश के अनुसार संशोधित दरों पर राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
चावल 15 रुपये प्रति किलो
नई दरों के अनुसार, एपीएल परिवारों को अब चावल 13 के बजाय 15 रुपये प्रति किलो मिलेगा। गेहूं के आटे की कीमत 12 से बढ़ाकर 14.50 रुपये प्रति किलो कर दी है। चावल पर दो और आटे पर 2.50 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है।
चीनी भी हुई महंगी
एनएफएसए परिवारों को अब चीनी 13 के बजाय 20 रुपये प्रति किलो मिलेगी। एपीएल परिवारों के लिए इसकी कीमत 33 से बढ़ाकर 35 रुपये प्रति किलो कर दी है।
दालों पर समान सबसिडी
सरकार ने एनएफएसए और एपीएल दोनों श्रेणियों के उपभोक्ताओं को दालों पर 15 रुपये प्रति किलो की समान सबसिडी देने का प्रविधान किया है। इसके अलावा एपीएल परिवारों को चावल और गेहूं वितरित करने वाली उचित मूल्य की दुकानों के संचालकों का मार्जिन भी 50 से बढ़ाकर 100 रुपये कर दिया है।