हिमाचल में गहराएगा बिजली संकट, पनविद्युत प्रोजेक्टों पर सूखे की मार; उपलब्धता और मांग में आया बड़ा अंतर
सर्दियों में जलस्रोतों में पानी की कमी से हिमाचल प्रदेश में पनविद्युत उत्पादन घट गया है, जिससे बिजली संकट गहरा गया है। उपलब्धता और मांग में बड़े अंतर के कारण बाहरी स्रोतों से बिजली खरीदी जा रही है।

हिमाचल प्रदेश में बिजली संकट गहरा सकता है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
जलस्रोतों में पानी घटने से पनविद्युत उत्पादन में भारी कमी।
बिजली की मांग और उपलब्धता में बड़ा अंतर, संकट गहराया।
सूखे के कारण भविष्य में उत्पादन और घटने की आशंका।
जागरण संवाददाता, मंडी। सर्दियों की दस्तक और पहाड़ों पर बढ़ती ठंड के साथ जलस्रोतों में पानी की आवक घटने लगी है। इसका सीधा असर हिमाचल प्रदेश में पनविद्युत उत्पादन पर पड़ा है। पानी की कमी के कारण कई परियोजनाओं में टरबाइन की गति थम गई है। जलाशयों में दिनभर पानी जमा कर केवल पीक आवर में बिजली उत्पादन को प्राथमिकता दी जा रही है।
उपलब्धता और मांग में बड़ा अंतर
प्रदेश में करीब दो माह से वर्षा नहीं हुई है और हिमपात भी कम हुआ है। बिजली की संभावित उपलब्धता करीब 290.11 लाख यूनिट है, जबकि मांग 394 लाख यूनिट तक पहुंच गई है। इसमें औद्योगिक मांग 226.48 लाख यूनिट और घरेलू व अन्य मांग 167.61 लाख यूनिट है। इस अंतर को पूरा करने के लिए बाहरी स्रोतों और बाजार से बिजली खरीदी जा रही है।
कितने हाइड्रो प्रोजेक्ट
राज्य विद्युत परिषद के पास 27 छोटे-बड़े हाइड्रो और तीन मेगावाट के दो सोलर प्रोजेक्ट हैं। लारजी, ऊहल और भावा परिषद के तीन बड़े प्रोजेक्ट हैं। लारजी की क्षमता 126 मेगावाट और ऊहल तृतीय की 100 मेगावाट है। लाहुल स्पीति के काजा में दो और चंबा के पांगी में एक मेगावाट क्षमता का सोलर प्लांट है।
डैहर पॉवर हाउस में 6 में से एक टरबाइन चल रही
बीबीएमबी के डैहर पावर हाउस में पानी की कम आवक के कारण छह में से पीक आवर में केवल एक टरबाइन चलाने की स्थिति है। ब्यास नदी में पानी लगातार घट रहा है, जिससे उत्पादन क्षमता सीमित हुई है।
और कम हो सकता है उत्पादन
सर्दियों में हीटर और गीजर चलने से बिजली का लोड बढ़ रहा है। सब स्टेशनों पर ओवरलोडिंग और वोल्टेज में उतार-चढ़ाव की समस्या के चलते कई क्षेत्रों में कटौती की जा रही है। सूखे की स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में उत्पादन और घट सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।