हिमाचल में शून्य के करीब पहुंची गरीबी, अब 2 जिलों में ही ज्यादा आंकड़ा; 4 दशक में किस तरह बदला परिदृश्य?
हिमाचल प्रदेश ने पिछले चार दशकों में गरीबी उन्मूलन में ऐतिहासिक प्रगति की है, जहां अति निर्धनता लगभग शून्य हो गई है।

हिमाचल प्रदेश में गरीबी रेखा में सुधार हो रहा है। (फोटो एआई टूल की मदद से बना है)
HighLights
हिमाचल में बहुआयामी गरीबी घटकर 4.93 प्रतिशत हुई।
राज्य में अति निर्धनता लगभग शून्य के स्तर पर।
चंबा और लाहुल-स्पीति में गरीबी दर अधिक।
राज्य ब्यूरो, शिमला। भारत और विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश ने पिछले चार दशकों में गरीबी उन्मूलन के मोर्चे पर ऐतिहासिक छलांग लगाई है। वर्ष 1986 के दौर में जहां देश की आधी से अधिक आबादी गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रही थी, वहीं आज भारत में अति निर्धनता सिमटकर महज 2.57 प्रतिशत रह गई है।
पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश ने इस दिशा में पूरे देश के सामने एक मिसाल पेश की है। यहां बहुआयामी गरीबी घटकर केवल 4.93 प्रतिशत रह गई है, जबकि अति निर्धनता लगभग शून्य के स्तर पर मानी जा रही है।
तुलनात्मक अध्ययन में उत्साहजनक तस्वीर उभरी
विश्व बैंक के बहुचर्चित पॉवर्टी एंड इनइक्वालिटी प्लेटफार्म (पीआईपी), अक्टूबर 2026 की इंडिया डेवलपमेंट अपडेट रिपोर्ट और नीति आयोग के आंकड़ों के तुलनात्मक अध्ययन में यह उत्साहजनक तस्वीर उभर कर सामने आई है। पूर्व आईएएस अधिकारी अक्षय सूद द्वारा संकलित इन चार दशकों के आंकड़ों से स्पष्ट होता है कि नीतिगत सुधारों और विकास योजनाओं ने जमीनी स्तर पर बड़ा बदलाव लाया है।
1986 बनाम आज: चार दशकों में यूं बदला परिदृश्य
वर्ष 1983-84 (लकड़वाला कैलोरी आधारित पद्धति) और 1986 के आसपास वैश्विक गरीबी दर 43.78 प्रतिशत थी। उस समय भारत की 51 प्रतिशत और हिमाचल प्रदेश की 16.4 प्रतिशत आबादी गरीब थी। पिछले चार दशकों में गरीबी मापने के पैमानों में कम से कम दो बड़े बदलाव हुए हैं। विश्व बैंक के 2023 के आंकड़ों (3 डालर प्रतिदिन आय मानदंड) के अनुसार, वैश्विक गरीबी दर घटकर 10.5 प्रतिशत रह गई है, जबकि भारत में अति निर्धनता मात्र 2.57 प्रतिशत पर आ गई है। हालांकि, शिक्षा, स्वास्थ्य और जीवन स्तर जैसे व्यापक मानकों पर आधारित बहुआयामी गरीबी भारत में अभी 17.74 प्रतिशत है।
दो-तिहाई घटी गरीबी, चंबा और लाहुल-स्पीति में सुधार की गुंजाइश
तेंदुलकर मानदंड के तहत वर्ष 2004-05 से 2011-12 के बीच हिमाचल प्रदेश में गरीबी दो-तिहाई घटकर 22.90 प्रतिशत से 8.09 प्रतिशत पर आ गई थी। वहीं, नीति आयोग की 'राष्ट्रीय बहुआयामी गरीबी सूचकांक: एक प्रगति समीक्षा 2023 रिपोर्ट के मुताबिक हिमाचल में बहुआयामी गरीबी दर 4.93 प्रतिशत है।
प्रदेश के जिलों की बात करें तो सबसे अधिक बहुआयामी गरीबी चंबा (9.9 प्रतिशत) और उसके बाद लाहुल-स्पीति (7 प्रतिशत) में दर्ज की गई है। दूसरी ओर, देश में सर्वाधिक बहुआयामी गरीबी वाले राज्य बिहार में भी तेज सुधार देखा गया है, जहां यह दर 2015-16 के 51.89 प्रतिशत से घटकर 2021 में 33.76 प्रतिशत रह गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।