विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

75 का दूल्हा और 63 की दुल्हन, हिमाचल में अनोखा विवाह; खत्म हो चुके सफर के बीच वृद्धाश्रम में मिले हमसफर

By Shubham RahiEdited By: Rajesh Sharma
Published: Tue, 24 Nov 2026 11:46 AM (IST)Updated: Tue, 24 Nov 2026 11:51 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर स्थित 'अपना घर' वृद्धाश्रम में 75 वर्षीय कन्हैया लाल और 63 वर्षीय सबीना 25 नवंबर को शादी के बंधन में बंधेंगे। 

63 वर्षीय सबीना और 75 साल के कन्हैया लाल।

63 वर्षीय सबीना और 75 साल के कन्हैया लाल।

HighLights

  1. 75 वर्षीय दूल्हा, 63 वर्षीय दुल्हन का अनोखा विवाह।

  2. बिलासपुर के 'अपना घर' वृद्धाश्रम में होगी शादी।

  3. अपनों से ठुकराए बुजुर्गों को मिला नया जीवनसाथी।

शुभम राही, बिलासपुर। उम्र के ढलते पड़ाव में अनदेखी की गई जिंदगी का सूरज अब फिर से उगेगा। जिन्हें अपनों ने ठुकराया, उन्हें अपना घर बसाएगा। जो सफर लगभग खत्म हो चुका था... उसमें हमसफर का सहारा मिलेगा, क्योंकि अब शहनाइयां बजेंगी... बरात भी आएगी और विदाई भी होगी। जिंदगी के रंगमंच की इस सच्ची कहानी के किरदार 63 वर्षीय सबीना और 75 वर्षीय कन्हैया लाल हैं, जो 25 नवंबर को सात फेरे लेकर जीवन की नई पारी शुरू करेंगे।

कोलकाता की सबीना और मंडी के कन्हैया लाल

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घाघस क्षेत्र के दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में यह पहला मौका होगा, जब यहां रहने वाले दो बुजुर्ग शादी के बंधन में बंधेंगे। कोलकाता निवासी सबीना और मंडी जिले के जंजैहली क्षेत्र के थुनाग निवासी कन्हैया लाल ने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का फैसला लिया है।

कोर्ट के बाद वृद्धाश्रम में निभाएंगे रस्में

दोनों का विवाह पहले बुधवार को बिलासपुर न्यायालय में होगा। इसके बाद वृद्धाश्रम में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की रस्में निभाई जाएंगी। यहीं से इन दोनों के नए जीवन की शुरुआत होगी और नालागढ़ में नए वृद्धाश्रम के लिए इनकी विदाई होगी।

पत्नी की मौत के बाद भाइयों ने दुत्कारा

कन्हैया लाल की मंडी जिले के थुनाग में अपनी दुनिया थी। खेतीबाड़ी से जीवन चलता था। कोई संतान नहीं थी। लंबी बीमारी से पत्नी चल बसी। उन्होंने अपना सब कुछ भाइयों के नाम किया तो बदले में उन्हें प्यार नहीं, दुत्कार मिली और घर से बेदखली भी। 

तिरस्कार ने उन्हें इतना तोड़ा कि वह मानसिक रूप से टूट गए। जंगल में एक गुफा में रहने लगे। 'अपना घर' दयोली वृद्धाश्रम को उनकी हालत का पता चला तो 2022 में उन्हें सहारा दिया। 

घूमने आई सबीना भटक गईं

दूसरी तरफ, कोलकाता निवासी सबीना की जिंदगी का सफर भी कुछ आसान नहीं था। घूमने के लिए शिमला निकली थीं लेकिन सफर करते हुए मशोबरा पहुंच गईं। रास्ता भटकने और मानसिक स्थिति ठीक न होने पर नारी निकेतन मशोबरा पहुंच गईं। 

2025 में हुई दोनों की मुलाकात

चार वर्ष मशोबरा में रहने के बाद वर्ष 2025 में उन्हें दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में भेजा गया, जहां उनकी मुलाकात कन्हैया लाल से हुई। दुख ने दुख से बात की तो संवेदना जाग गई। दोनों एक-दूसरे के काम में हाथ बंटाने लगे।

संस्थापक के सामने की इच्छा जाहिर

दोनों में ऐसा लगाव पैदा हुआ कि उन्होंने अपना घर वृद्धाश्रम दयोली के संस्थापक एडवोकेट प्रकाश बंसल के सामने एक दूसरे से हमेशा के लिए बंध जाने की इच्छा जाहिर कर दी। उनको खुश देखकर अपना घर वृद्धाश्रम दयोली के संस्थापक एडवोकेट प्रकाश बंसल ने उनके फैसले का सम्मान करते हुए विवाह करवाने की तैयारियां शुरू कर दीं।

'हिमाचल में पहली बार किसी वृद्धाश्रम में दो बुजुर्ग जीवनसाथी बनेंगे। 25 नवंबर को दोनों बुजुर्गों का विवाह करवाया जाएगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। शादी से पहले बिलासपुर में इनकी कोर्ट मैरिज होगी। उसके बाद हिंदू रीति रिवाज से विवाह संपन्न होगा। इसके बाद दोनों को नालागढ़ स्थित नए वृद्धाश्रम में भेजा जाएगा।' 
 -प्रकाश बंसल, अपना घर वृद्धाश्रम दयोली के संस्थापक।

यह भी पढ़ें: इंग्लैंड का दूल्हा और हिमाचल की दुल्हनिया, जर्मनी में मुलाकात के बाद 7 समंदर पार से बरात लेकर पहुंच गया थॉमस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।