इंग्लैंड का दूल्हा और हिमाचल की दुल्हनिया, जर्मनी में मुलाकात के बाद 7 समंदर पार से बरात लेकर पहुंच गया थॉमस
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में इंग्लैंड के दूल्हे ने भारतीय रीति-रिवाजों से शादी की। जर्मनी में मिली नेहा चौहान और उनके इंग्लिश पति ने करसोग में पारंपरिक तरीके से सात फेरे लिए।

करसोग में विवाह के बंधन में बंधने के बाद इंगलैंड के थॉमस और हिमाचल की नेहा।
HighLights
इंग्लैंड के दूल्हे ने हिमाचल की नेहा से की शादी।
जर्मनी में हुई मुलाकात, करसोग में पारंपरिक विवाह संपन्न।
भारतीय संस्कृति और रीति-रिवाजों से संपन्न हुआ यह विवाह।
कुलभूषण वर्मा, करसोग (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में इंग्लैंड से बरात पहुंची। इंग्लैंड मूल के दूल्हे ने भारतीय संस्कृति और हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह की सभी रस्में निभाईं। दूल्हा पालकी में सवार होकर दुल्हन को लेने पहुंचा और पारंपरिक अंदाज में सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। इंटरनेट मीडिया पर यह शादी चर्चा का विषय बनी हुई है।
थॉमस के साथ इंग्लैंड से 14 लोग हिमाचल पहुंचे थे, जो दुल्हन के घर से कुछ दूरी पर एक मकान में रुके थे। वहीं से बरात निकली और दुल्हन के घर पहुंची। दूल्हे ने शेरवानी और सेहरा पहना था। बरातियों ने हिमाचली टोपी पहनी हुई थी। पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ दोनों शादी के बंधन में बंधे।
पंचायत प्रधान की बेटी
यह विवाह करसोग की पंचायत रिछनी के प्रधान लवेशर चौहान की बेटी नेहा चौहान का है, जिनकी शादी करसोग स्थित उनके आवास पर पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई। विदेशी दूल्हे और भारतीय संस्कृति के इस अनूठे संगम ने न केवल स्थानीय लोगों का ध्यान आकर्षित किया, बल्कि सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा बटोरी।
करसोग से शिमला और दिल्ली होते हुए जर्मनी तक नेहा का सफर
नेहा चौहान की शैक्षणिक यात्रा भी क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। नेहा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा करसोग स्थित रूट मॉडल पब्लिक स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने आरकेएमवी शिमला और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू), दिल्ली में उच्च शिक्षा हासिल की।
अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर नेहा ने जर्मनी से कृषि एवं पर्यावरण विषय में पीएचडी की उपाधि हासिल की। पीएचडी पूरी करने के बाद वर्तमान में वह जर्मनी में ही कार्यरत हैं।
जर्मनी में हुई मुलाकात, करसोग में परिणय सूत्र में बंधे
नेहा के पिता पंचायत रिछनी के प्रधान लवेशर चौहान ने दैनिक जागरण से बातचीत में बताया कि नेहा और उनके जीवनसाथी की मुलाकात जर्मनी में ही हुई थी। नेहा के पति मूल रूप से इंग्लैंड से हैं और वह भी जर्मनी में स्पेस इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। दोनों की मुलाकात के बाद आपसी समझ और सहमति से विवाह का निर्णय लिया गया।
निभाई भारतीय परंपराएं
इस विवाह की सबसे खास बात यह रही कि विदेश में रहने और अलग-अलग सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से संबंध रखने के बावजूद दोनों ने भारतीय परंपराओं के अनुसार विवाह करने का निर्णय लिया। इसके चलते करसोग में आयोजित विवाह समारोह पूरी तरह पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के अनुरूप संपन्न हुआ।
विदेश में करसोग की प्रतिभा बना रही अलग पहचान
नेहा चौहान की यह उपलब्धि केवल एक परिवार की खुशी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे करसोग क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। आज करसोग के अनेक युवा शिक्षा, तकनीक, विज्ञान, व्यवसाय और अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। विदेशों में बड़ी जिम्मेदारियों और प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत करसोग के युवाओं ने साबित किया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या संसाधनों की मोहताज नहीं होती।
विदेशी रिश्तों और पर्यटन के लिहाज से भी चर्चा में करसोग
करसोग क्षेत्र में अलग-अलग देशों से जुड़े वैवाहिक रिश्ते भी समय-समय पर चर्चा का विषय बनते रहे हैं। क्षेत्र में इटली, ऑस्ट्रिया सहित अन्य देशों से दुल्हनें आने के उदाहरण भी सामने आए हैं। अब इंग्लैंड मूल के दूल्हे का करसोग पहुंचकर भारतीय परंपराओं के अनुसार विवाह करना इस सांस्कृतिक जुड़ाव की एक और मिसाल है।
करसोग के युवाओं के लिए प्रेरणा बनी नेहा
नेहा चौहान की कहानी उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो छोटे कस्बों और गांवों से निकलकर बड़े सपने देखते हैं। करसोग के एक स्कूल से शिक्षा की शुरुआत कर शिमला, दिल्ली और फिर जर्मनी तक का सफर तय करना यह संदेश देता है कि मजबूत इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत और शिक्षा के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।