हिमाचल में 4 नए शहर बसेंगे, जाठिया देवी में बनेंगे 762 फ्लैट; हिम चंडीगढ़ सिटी के लिए भूमि अधग्रहण
हिमाचल में जाठिया देवी, हिम चंडीगढ़, सुरला जनोट और लंज में चार नए शहर और टाउनशिप विकसित करने की योजना है। जाठिया देवी में 762 फ्लैट बनेंगे।

हिमाचल प्रदेश में 4 नए शहर बसाए जाएंगे। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
हिमाचल में चार नए शहर और टाउनशिप विकसित होंगे।
जाठिया देवी में 762 फ्लैट और 157 आवासीय प्लाट प्रस्तावित।
शीतलपुर में हिम चंडीगढ़ टाउनशिप के लिए भूमि अधिग्रहण जारी।
राज्य ब्यूरो, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में चार नए शहर और टाउनशिप विकसित करने की योजना है। शिमला के जाठिया देवी, सोलन के शीतलपुर, सिरमौर के सुरला जनोट और कांगड़ा के लंज में ये शहर बसाए जाएंगे। अभी किसी भी परियोजना के निर्माण की अंतिम समय सीमा तय नहीं हुई है। भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के प्रश्न के लिखित उत्तर में सरकार ने सदन में यह जानकारी दी।
जाठिया देवी टाउनशिप
जाठिया देवी टाउनशिप में सबसे अधिक आवासीय सुविधाएं विकसित करने की योजना है। यहां 157 आवासीय प्लाट बनाए जाएंगे, जिनमें बंगले और विला शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त एक, दो और तीन बीएचके के कुल 762 फ्लैट बनाए जाने प्रस्तावित हैं।
छह व्यावसायिक खुदरा इकाइयों, दो मिश्रित उपयोग वाले प्लाट, स्कूल और सामुदायिक भवन का भी निर्माण होगा। परियोजना को टीसीपी की मंजूरी मिल चुकी है और रेरा की अनुमति के लिए आवेदन किया गया है।
हिम चंडीगढ़ सिटी के लिए भूमि अधिग्रहण
बद्दी के शीतलपुर में हिम चंडीगढ़ सैटेलाइट टाउनशिप के लिए 7042-18 बीघा सरकारी जमीन आवास विभाग के नाम हस्तांतरित हो चुकी है। 8435-4 बीघा निजी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके लिए सामाजिक प्रभाव आकलन की अधिसूचना जारी हो चुकी है।
सुरला जनोट में 133 बीघा जमीन चयनित
सिरमौर के सुरला जनोट में 133 बीघा सरकारी जमीन चयनित की गई है, जबकि कांगड़ा के लंज में अभी भूमि चयन की प्रक्रिया जारी है। इन तीनों परियोजनाओं में फ्लैट और विला की संख्या अभी निर्धारित नहीं की गई है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि नए शहरों के विकास के लिए अलग विशेष नीति अधिसूचित नहीं की गई है और न ही अतिरिक्त बजट आवंटित किया गया है।
तीन चरणों में बन रहा दुर्गेशारण्य अंतरराष्ट्रीय जू
कांगड़ा जिले के बनखंडी में निर्माणाधीन दुर्गेशारण्य-कांगड़ा अंतरराष्ट्रीय प्राणी उद्यान का निर्माण तीन चरणों में किया जा रहा है। पहले चरण का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि दूसरे चरण में आवासीय भवनों की नींव और खोदाई का काम चल रहा है। तीसरे चरण के निर्माण कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया जारी है।
कांग्रेस विधायक केवल सिंह पठानिया के प्रश्न के लिखित उत्तर में सरकार ने सदन में यह जानकारी दी। परियोजना के तहत चारदीवारी, चेक डैम, जल संरक्षण बांध, विद्युतीकरण, जलापूर्ति और जल शोधन से संबंधित कार्य लगभग पूरे हो चुके हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।