विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हिमकेयर योजना में महिलाओं के अंडकोष ऑपरेशन हुए', CM सुक्खू का दावा; जयराम के खिलाफ अवमानना प्रस्ताव लाएंगे

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Tue, 17 Nov 2026 04:37 PM (IST)Updated: Tue, 17 Nov 2026 04:45 PM (IST)

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल विधानसभा में हिमकेयर योजना के तहत एक महिला के अंडकोष ऑपरेशन का खुलासा किया, जिसकी जांच जारी है।

दिल्ली से धर्मशाला विधानसभा पहुंचे सीएम सुक्खू।

दिल्ली से धर्मशाला विधानसभा पहुंचे सीएम सुक्खू।

HighLights

  1. हिमकेयर में महिला के अंडकोष ऑपरेशन का मुख्यमंत्री ने किया खुलासा।

  2. सीएम सुक्खू ने विपक्ष पर साधा निशाना, जांच जारी होने की बात।

  3. जयराम ठाकुर के खिलाफ अवमानना प्रस्ताव, नई उद्योग नीति जल्द आएगी।

राज्य ब्यूरो, धर्मशाला। आम तौर पर चिकित्सकों की ओर से पुरुषों के टेस्टिकल (अंडकोष) के ऑपरेशन किए जाते हैं, लेकिन प्रदेश के एक स्वास्थ्य संस्थान में महिला रोगी का भी यह ऑपरेशन हुआ। बेशक यह अपने आप में एक चौंकाने वाली सूचना है, लेकिन इसका खुलासा मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा में किया।

दिल्ली से लौटने के बाद मुख्यमंत्री ने सदन में काम रोको प्रस्ताव पर जारी चर्चा के बीच हस्तक्षेप करते हुए कहा कि विपक्ष लगातार हिमकेयर योजना का मामला उठा रहा है, लेकिन इसमें जहां एक ओर पुरुषों की बच्चेदानी के ऑपरेशन की बात सामने आई थी, वहीं, दूसरी ओर हिमकेयर की जारी जांच के दौरान महिला के टेस्टिकल के ऑपरेशन का भी पता चला है।

विपक्ष बोला- तथ्य सदन में रखें

उन्होंने कहा कि सरकार इस योजना की जांच कर रही है और आने वाले समय में इसकी रिपोर्ट भी सामने लाई जाएगी। मुख्यमंत्री के इस खुलासे पर विपक्ष के सदस्य सदन में महिला के टेस्टिकल ऑपरेशन के तथ्यों सदन में पेश करने की बात कहते हुए सुनाई दिए।

हिमाचल फॉर अवेल

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष को हिमाचल फॉर सेल नहीं, बल्कि हिमाचल फॉर अवेल का नारा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि किशाऊ, बीबीएमबी और जेएसडब्ल्यू सहित कई अन्य मामलों में सरकार हिमाचल के हक की लड़ाई जीती है।

हिम चंडीगढ़ सिटी के लिए 8000 भूमि विभाग के नाम की

उन्होंने कहा कि आरोप लगाने से पहले विपक्ष के पास तथ्य होने चाहिएं। उन्होंने कहा कि जब मेडिकल डिवाइस पार्क में नाममात्र के दाम पर हिमाचल की जमीन दी जा रही थी, वह हिमाचल फॉर सेल था। उन्होंने कहा कि हिम चंडीगढ़ में भी सरकार ने कोई जमीन नहीं बेची है, बल्कि इसके लिए आठ हजार बीघा जमीन आवास विभाग के नाम की गई है।

नई उद्योग नीति आएगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की नई उद्योग नीति जल्द आएगी। इस नीति का मसौदा इस तरह तैयार होगा, जिससे प्रदेश को जीएसटी के तौर पर और राजस्व मिले। 

जयराम ठाकुर के खिलाफ अवमानना प्रस्ताव 

साथ ही कहा कि नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ भी अवमानना प्रस्ताव जल्द लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने भ्रष्टाचार के मामलों पर कार्रवाई की है और विपक्ष के एक सदस्य को छुड़ाने के लिए भाजपा के डेढ़ दर्जन विधायक उन्हें बचाने को विजिलेंस कार्यालय पहुंच गए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।