स्वाइन फ्लू को लेकर हिमाचल प्रदेश में अलर्ट, खांसी समेत इन 5 लक्षणों वाले मरीजों के सैंपल लेने के निर्देश
देश के कुछ राज्यों में स्वाइन फ्लू (H1N1) के बढ़ते मामलों के मद्देनजर हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश में स्वाइन फ्लू का अलर्ट जारी किया गया है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
हिमाचल में स्वाइन फ्लू (H1N1) को लेकर सतर्कता बढ़ी।
स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल कॉलेजों को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए।
संदिग्ध मरीजों की जांच, उपचार और आइसोलेशन पर जोर।
जागरण संवाददाता, शिमला। देश के कुछ राज्यों में स्वाइन फ्लू यानी एच1एन1 के बढ़ते मामलों को देखते हुए हिमाचल में स्वास्थ्य विभाग ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों और बड़े स्वास्थ्य संस्थानों को एहतियाती कदम उठाने तथा संदिग्ध मरीजों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य संस्थानों को खास तौर पर ऐसे लोगों पर नजर रखने को कहा गया है, जो दूसरे राज्यों से हिमाचल लौट रहे हैं और उनमें फ्लू जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं।
खांसी सहित इन लक्षण वाले मरीजों के सैंपल लेने के निर्देश
बुखार, खांसी, गले में खराश, जुकाम और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण वाले मरीजों की चिकित्सकीय जांच करने तथा जरूरत के अनुसार सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य संस्थानों को संदिग्ध मरीजों की समय पर पहचान, जांच और उपचार सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मरीजों को आइसोलेट करने की व्यवस्था करने का निर्देश
संक्रमण की आशंका वाले मरीजों के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने और अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था को मजबूत रखने पर जोर दिया गया है। जरूरत पड़ने पर मरीजों को अलग रखने की व्यवस्था भी तैयार रखने को कहा गया है।
हिमाचल में बुखार व सर्दी के मरीज बढ़ रहे
हिमाचल प्रदेश में बरसात के मौसम में बुखार और सर्दी के मरीज बढ़ रहे हैं। यह सीजनल बीमारियां हैं, लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। लेकिन अपना समय पर जरूरी उपचार करवा लें। लापरवाही कतई न बरतें।
