विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचलियों को 80% रोजगार: उद्योग की अपेक्षाओं के साथ कैसे हो योग्यता का मेल? शिक्षित युवाओं में कौशल की कमी

By Navneet SharmaEdited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 26 Nov 2026 12:36 PM (IST)Updated: Thu, 26 Nov 2026 12:40 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश ने उद्योगों में 80% स्थानीय रोजगार अनिवार्य किया है, लेकिन शिक्षित युवाओं में कौशल की कमी और उद्योगों की अपेक्षाओं के बीच बड़ा अंतर है। 

हिमाचल प्रदेश का बद्दी स्थित औद्योगिक क्षेत्र। जागरण आर्काइव

हिमाचल प्रदेश का बद्दी स्थित औद्योगिक क्षेत्र। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. उद्योगों में 80% स्थानीय रोजगार अब कानूनी अनिवार्यता।

  2. शिक्षित युवाओं में कौशल की कमी, उद्योग ढूंढ रहे योग्य श्रमिक।

  3. तकनीकी शिक्षा पाठ्यक्रम में बदलाव, नए ट्रेड होंगे शुरू।

नवनीत शर्मा, धर्मशाला। बेरोजगारी पर आगे बढ़ने से पहले वास्तविक जीवन से उठाए कुछ संवाद देख लें। कहां तक पढ़ाई की है? जी, एमए किया है। नौकरी के लिए आवेदन किया है? जी कई जगह कर चुका हूं पर मिलती कहां है...। आवेदन तो सचिवालय में चपरासी की नौकरी के लिए भी किया था पर...। अच्छा यह बताएं, आपकी भाषा कैसी है? भाषा तो सर ऐसे है कि पहाड़ी तो किसी काम आती नहीं है, हिंदी थोड़ी 'वीक' है और अंग्रेजी कामचलाऊ यानी 'कमजोर' है... यह संवाद शिक्षित लोगों के साथ जुड़ा है।

कौशल पर सवाल

अब जरा कौशल वाले संदर्भ को भी देखते हैं। नौकरी ढूंढ रहे हैं? जी! किया क्या है? कम्प्यूटर कोर्स किया है, कोडिंग भी आती है पर कोई उद्योग नौकरी नहीं देता। क्यों नहीं देता? जी वो कहते हैं कि एआइ के आने के बाद कोडिंग वगैरह को कौन पूछ रहा है और जहां तक कम्प्यूटर कोर्स की बात है, छोटे-छोटे बच्चे कई प्रोग्राम चला लेते हैं। क्या आइटीआइ से कोई कौशल लिया? नहीं जी, छोटी नौकरी कौन करे। इससे तो बेहतर है दिल्ली या चंडीगढ़ के किसी कॉल सेंटर में या होटल में नौकरी कर लें...।

उद्योगों में हिमाचलियों को 80 प्रतिशत रोजगार

विधानसभा ने बीते दिनों शीतकालीन सत्र में हिमाचल प्रदेश भू-आवंटन, आवंटन एवं औद्योगिक विकास संशोधन विधेयक-2026 पारित कर दिया। हिमाचल से संचालित उद्योगों में 70 प्रतिशत हिमाचलियों को रोजगार देने की शर्त केवल नीति का भाग थी। नीतियों की नियति, नियंताओं की नीयत पर निर्भर करती आई है। इसलिए जो हुआ, सो हुआ लेकिन इस विधेयक के पारित होते ही अब 80 प्रतिशत रोजगार हिमाचलियों को देने पर कानूनी मुहर लगी है। यूं कहें कि अब जो उद्योग हिमाचलियों को 80 प्रतिशत रोजगार देगा, उसे ही निवेश की स्वीकृति मिलेगी।

एमए व एमएससी चपरासी बनने को भी तैयार

हम यहां से आगे वीक हिंदी और कमजोर अंग्रेजी वाले शिक्षित वर्ग की बात नहीं करेंगे जो दसवीं पास के रूप में भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत हैं और बीए, एमए, बीएससी या एमएससी करके सचिवालय में चपरासी या फिर पटवारी बनने को भी तैयार है। हम उस फिटर की बात करेंगे जो हिमाचली परिदृश्य से यूं गायब हुआ है कि बहुत मन्नत और मनुहार के बाद दिखता है। 

हिमाचल की अनिवार्यता बन चुके ये लोग

एक हुनर राजमिस्त्री, टाइलिंग, सिलाई, बुनाई, लकड़ी के काम आदि का है जिसका प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़, बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड के लोग अब लगभग हिमाचल की अनिवार्यता बन चुके हैं। 

तकनीकी शिक्षा से रोजगार

हम बात करेंगे उस वर्ग की, जो तकनीकी शिक्षा लेकर रोजगार कमा सकता है और उद्योग की आवश्यक आवश्यकता बन सकता है। यह वह वर्ग है जिसे हिमाचल प्रदेश के उद्योगों में स्थान दिलाने की सदिच्छा सरकार ने व्यक्त की है।

पाठ्यक्रम में नियमित बदलाव जरूरी

इसके लिए आवश्यक है कि तकनीकी शिक्षा के पाठ्यक्रम में नियमित बदलाव किया जाए। यह परिवर्तन उद्योग जगत की अपेक्षाओं को पूरा करने वाला होना चाहिए। बीते डेढ़ दशक में परिदृश्य तेजी से बदला है। हिमाचल प्रदेश में कई दशकों से यह बात होती आ रही है कि यहां की युवा शक्ति वह कौशल सीखे, जिसकी उद्योग को आवश्यकता है। उदाहरण के लिए एमओपी यानी माडर्न आफिस प्रैक्टिस एक ट्रेड था बहुतकनीकी संस्थानों में, जो समय के बाद बंद हो गया।

45

कुशल हाथों की कमी

हिमाचल प्रदेश दवा उत्पादक संघ के अध्यक्ष राजेश गुप्ता कहते हैं कि दवा उत्पादन के संदर्भ में राज्य में कुशल हाथों की कमी है। हिमाचल प्रदेश को नए कोर्स आरंभ करने चाहिए। बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औैद्योगिक संघ के अध्यक्ष वाईएस गुलेरिया कहते हैं कि वह सरकारों को कई बार बता चुके हैं कि उद्योगों की अपेक्षा क्या है। वह कहते हैं कि रोजगार कार्यालयों को निजी संस्थान बन कर काम करना होगा। निजी क्षेत्र वाले से 50 दसवीं पास मांगे जाएं, वह तत्काल देगा। हिमाचल प्रदेश के रोजगार कार्यालय एक ही नाम पांच बार देंगे, दसवीं पास, दस जमा दो पास, बीए, एमए तक। 

योग्यता का मेल उद्योग की अपेक्षाओं के साथ नहीं हो पाता। कोई लघु या मध्यम उद्योग के साथ काम नहीं करना चाहता। ये उद्योग प्रशिक्षण केंद्र बन गए हैं। जो आता भी है, वह कुछ दिन सीख कर आगे बढ़ जाता है। निजी क्षेत्र में कार्यरत कई लोग बेरोजगारों की सूची में इसलिए भी दर्ज हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि अन्यथा सरकारी नौकरी के लिए बुलावा नहीं आएगा।

दो वर्ष बाद बदलेंगे तकनीकी शिक्षा पाठ्यक्रम : मंत्री

तकनीकी शिक्षा निदेशक रोहित राठौर का मानना है कि पाठ्यक्रम में परिवर्तन किए जा रहे हैं। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी कहते हैं-' पहले पाठ्यक्रम पांच वर्ष के बाद बदलता था, अब दो वर्ष के बाद बदलेंगे। उद्योगों से जुड़े नामचीन लोग सरकार के राज्यस्तरीय परामर्शक मंडल के सदस्य हैं, इसलिए सरकार उनकी अपेक्षाओं से भी अवगत है।"

नए ट्रेड शुरू किए जाएंगे

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान कहते हैं, 'उद्योग की आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षित स्थानीय युवा उपलब्ध करवाने के लिए आइटीआइ और बहुतकनीकी संस्थानों में फार्मा, टेक्सटाइल और फूड प्रोसेसिंग से जुड़े नए ट्रेड शुरू किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य तीन वर्ष में नए उद्योगों के माध्यम से 50 हजार से अधिक स्थानीय रोजगार सृजित करना है।' यानी मुद्दा रोजगार से अधिक, रोजगार के योग्य होने का है। यह सदिच्छा सफल हो और कौशल सकुशल लक्ष्यप्राप्ति करे तो बेहतर होगा।

यह भी पढ़ें: हिमाचल के CBSE स्कूलों में तैनात शिक्षकों को कैजुअल के साथ मेडिकल लीव भी मिलेगी, विभाग ने आदेश जारी किया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।