हिमाचल के CBSE स्कूलों में तैनात शिक्षकों को कैजुअल के साथ मेडिकल लीव भी मिलेगी, विभाग ने आदेश जारी किया
हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई संबद्ध सरकारी स्कूलों में निश्चित मानदेय पर नियुक्त शिक्षकों को अब चिकित्सा अवकाश और आकस्मिक अवकाश मिलेगा।

हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई स्कूलों के शिक्षकों को कैजुअल के साथ मेडिकल लीव भी मिलेंगी। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
सीबीएसई शिक्षकों को अब पांच दिन का चिकित्सा अवकाश मिलेगा।
शिक्षकों को 10 दिन के आकस्मिक अवकाश की सुविधा भी मिलेगी।
600 जेबीटी शिक्षकों की नियुक्ति को सरकार की मंजूरी का इंतजार।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में निश्चित मानदेय पर नियुक्त शिक्षकों को अब साल में पांच दिन चिकित्सा अवकाश (मेडिकल लीव) मिलेगा। इसके अलावा उन्हें 10 दिन आकस्मिक अवकाश (कैजुअल लीव) की सुविधा भी मिलेगी। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने बुधवार को इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करते हुए आदेश जारी किए हैं।
पहले इन शिक्षकों के लिए मेडिकल लीव का प्रविधान नहीं था। स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से बुधवार को इस संबंध में संशोधित आदेश जारी कर दिए हैं।
निदेशालय से किया था आग्रह
अवकाश की पात्रता को लेकर कई स्कूलों के प्रधानाचार्यों और संस्थान प्रमुखों ने निदेशालय से स्थिति स्पष्ट करने का आग्रह किया था। इसके बाद स्कूल शिक्षा निदेशक ने सभी उप निदेशकों (उच्चतर एवं प्रारंभिक शिक्षा) को पत्र जारी कर यह व्यवस्था स्पष्ट की है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि आदेशों की जानकारी सभी संबंधित स्कूलों के प्रधानाचार्यों तक पहुंचाई जाए।
600 जेबीटी शिक्षकों की नियुक्ति को मंजूरी का इंतजार
प्रदेश के 153 सीबीएसई संबद्ध सरकारी स्कूलों में जल्द 600 जेबीटी शिक्षकों की नियुक्ति होगी। भर्ती की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब केवल सरकार की मंजूरी का इंतजार है। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने नियुक्ति से संबंधित फाइल मुख्यमंत्री को भेज दी है। मंजूरी मिलते ही चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश जारी करने की प्रक्रिया शुरू होगी। इन नियुक्तियों से सीबीएसई स्कूलों में प्राथमिक कक्षाओं के शिक्षकों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी।