'मुख्यमंत्री के समोसे किसने खाए?', शिमला में भाजपा युवा मोर्चा ने निकाला जुलूस; जमकर की नारेबाजी
हिमाचल प्रदेश में समोसा जांच प्रकरण को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा युवा मोर्चा ने शिमला में समोसा जुलूस निकालकर कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष तिलक राज ने कहा कि इस सरकार की बुद्धि भ्रष्ट हो चुकी है। जहां प्रदेश की जनता परेशान है युवा नौकरियों के इंतेज़ार में है वहीं इस सरकार को समोसे गायब होने की चिंता है।

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल के समोसे जांच प्रकरण को लेकर प्रदेश की पूरे देश में किरकिरी हो रही है। इसी बीच भाजपा युवा मोर्चा ने शेरे पंजाब से लोवर बाजार तक समोसा जुलूस का आयोजन किया जिसमें युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने हाथों और प्लेटों पर समोसे रख इस प्रकरण की कड़ी निंदा की।
इस मार्च का आयोजन भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष तिलक राज की अध्यक्षता में किया गया, इस उपलक्ष्य पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
'इस सरकार की बुद्धि भ्रष्ट हो चुकी है'
युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष तिलक राज ने कहा कि इस सरकार की बुद्धि भी भ्रष्ट हो चुकी है। जहां प्रदेश की जनता परेशान है, युवा नौकरियों के इंतेज़ार में है, बेरोजगारी बढ़ रही है, युवाओं की सरकार के प्रति आस कम हो रही है ,वहीं इस कांग्रेस सरकार को मुख्यमंत्री के समोसे गायब होने की चिंता सता रही है।
समोसे पर जांच को लेकर कसा तंज
उन्होंने कहा कि ऐसी क्या नौबत आ गई कि मुख्यमंत्री के समोसे गायब होने पर सरकार को सीआईडी जांच बैठानी पढ़ गई? उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश का पूरे देश में मजाक बन कर रह गया है। यह केवल कांग्रेस की सुक्खू सरकार के कारण हो रहा है, प्रदेश में कभी टॉयलेट टैक्स लगा दिया जाता है और कभी समोसे की जांच बिठा दी जाती है, हिमाचल में आखिर चल क्या रहा है?
'...मुख्यमंत्री को समोसे की पड़ी है'
तिलक ने कहा कि हिमाचल में व्यवस्था परिवर्तन का दौर चल रहा है और शायद सरकार की ओर से यही व्यवस्था परिवर्तन है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की हालत खराब हो चुकी है पर सरकार को मुख्यमंत्री के समोसे की पड़ी है, प्रदेश में कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है।
यह भी पढ़ें- Samosa Controversy: 'महाराष्ट्र की तरह हिमाचल में ऑपरेशन लोटस...', CM सुक्खू ने समोसा पॉलिटिक्स पर सुनाई खरी-खरी
नशा हिमाचल की नई पौध को बर्बाद कर रहा- तिलक
उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्यों से आ रहा नशा हिमाचल की नई पौध को बर्बाद कर रहा है। कई स्कूली बच्चे भी ड्रग्स ले रहे हैं। प्रदेश के 204 स्कूलों के साढ़े सात हजार छात्रों पर हुए सर्वे में 9.02 फीसदी किशोरों के इंजेक्शन से नशा लेने की बात सामने आई है।
नशा मुक्ति केंद्रों में भर्ती 15 से 30 साल के 1,170 युवाओं में से करीब 35% चिट्टे की लत के शिकार हैं। पर सरकार को इस बात की चिंता नहीं है।
यह भी पढ़ें- Samosa Controversy: सीएम सुक्खू का चोरी हुआ 'समोसा' जयराम ठाकुर की प्लेट में पहुंचा? चटकारे लेते हुए तस्वीर की शेयर

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।