विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 03, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Himachal Election 2022: आनंद शर्मा बोले- कांग्रेस से हिसाब मांगने से पहले आठ साल का ब्योरा दें केंद्रीय नेता

By Jagran NewsEdited By: Virender Kumar
Published: Thu, 03 Nov 2022 06:30 PM (IST)

Himachal Pradesh Assembly Election 2022 पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस से ...और पढ़ें

Himachal Election 2022: शिमला में पत्रकारों से बातचीत करते कांग्रेस वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा । जागरण
Himachal Election 2022: शिमला में पत्रकारों से बातचीत करते कांग्रेस वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा । जागरण

शिमला, जागरण संवाददाता। Himachal Pradesh Assembly Election 2022, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और अन्य केंद्रीय नेताओं से कहा कि वे कांग्रेस से हिसाब मांगने के बजाय अपने आठ वर्ष का हिसाब जनता को दें। भाजपा को आठ वर्ष में दिए जाने वाले 16 करोड़ रोजगार पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने भाजपा नेताओं से यह भी पूछा कि महंगाई को लेकर उन्होंने क्यों चुप्पी साध रखी है।

बेरोजगारी 'अलार्मिंग' स्तर पर

शिमला में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए आनंद शर्मा ने बेरोजगारी और महंगाई पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को घेरा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद बेरोजगारी की दर सबसे ऊंची है। इसके बारे में भाजपा नेता कुछ नहीं बोलते और उलटे कांग्रेस से जवाब मांगते फिरते हैं। देश में बेरोजगारी 'अलार्मिंग' स्तर पर है और यह बहुत ही गंभीर मामला है।

अग्निवीर योजना से रिटायर होने वालों की नहीं सामाजिक सुरक्षा

उन्होंने केंद्र और हिमाचल में सरकारी विभागों में रिक्त पड़े पदों को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला और पूछा कि खाली पदों को क्यों नहीं भरा जा रहा है। आनंद शर्मा ने अग्निवीर योजना को लेकर केंद्र को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि इस योजना का खामियाजा देश को भुगतना पड़ेगा। इस योजना से रिटायर होने वाले सैनिकों को कोई सामाजिक सुरक्षा नहीं है और यह सबसे दुखद है। जो भर्ती हो रही है, उनमें से 50% को नियमित करना होगा। उन्होंने महंगाई पर भाजपा की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसे इसका जवाब जनता को देना ही होगा।

इस मौके पर ये रहे मौजूद

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव विजय इंदर सिंगला, नार्थ ईस्ट के प्रभारी मनीष चतरथ, प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी नरेश चौहान, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष विनीत गौतम और पूर्व विधायक आदर्श सूद भी इस मौके पर मौजूद थे।

काम किए होते तो प्रधानमंत्री को बार-बार न आना पड़ता

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और अन्य केंद्रीय नेताओं के बार-बार हो रहे हिमाचल के दौरों को लेकर आनंद शर्मा ने कहा कि यदि हिमाचल की जयराम ठाकुर ने काम किए होते तो, इन केंद्रीय नेताओं को यहां इतने दौरे न करने पड़ते। उन्होंने कहा कि हिमाचल में बदलाव निश्चित है और कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। कांग्रेस ने प्रदेश की जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें वह हर हाल में पूरा करेगी।

सरकार योग करवाए, लेकिन इतिहास का शीर्षासन न करवाए

आनंद शर्मा ने कहा कि भाजपा नेता पूछते हैं कि कांग्रेस ने क्या किया। कांग्रेस के दर्शन से देश के लोगों ने भारत बनाया। हिमाचल को पूर्ण राज्य बनाया। भाजपा के सत्ता में आने से पहले देश परमाणु शक्ति बन चुका था और चंद्रमा पर भी जा चुका था। भारत ने पाकिस्तान के दो टुकड़े पर बांग्लादेश बनाया है। भाजपा को तथ्यों पर बोलना चाहिए। सरकार योग करवाए, लेकिन इतिहास का शीर्षासन न करवाए।

सोनिया, राहुल, प्रियंका पर भाजपा के हमले उनकी बौखलाहट

आनंद शर्मा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर भाजपा द्वारा किए जा रहे हमलों को भाजपा की बौखलाहट करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता हिमाचल आए तो वह पर्यटन हो गया और यदि भाजपा नेता आए तो यह राष्ट्र सेवा हो गई। आनंद शर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर याद न करने पर भाजपा को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी भाजपा ने नमन नहीं किया। 31 अक्टूबर को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि थी और उसी दिन सरदार पटेल की जयंती थी, लेकिन भाजपा ने सरदार पटेल को तो श्रद्धांजलि दी, लेकिन इंदिरा गांधी को नहीं। उन्होंने पूछा कि क्या देश के इतिहास का अपमान नहीं है।

यह भी पढ़ें : Himachal Election 2022: हिमाचल में 94 प्रत्‍याशियों पर आपराधिक मामले, 226 करोड़पति, देखिए किस दल से कितने नेता

यह भी पढ़ें : Himachal Election 2022: हिमाचल की जनता ने तय किया राज नहीं रिवाज बदलेंगे, नड्डा बोले, उत्‍साह में झलक रही जीत