विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल प्रदेश में धर्म परिवर्तन करवाने की 15 शिकायतें, 19 आरोपितों की गिरफ्तारी; विधानसभा में सामने आए आंकड़े

Published: Sat, 21 Nov 2026 01:53 PM (GMT+05:30)Updated: Sat, 21 Nov 2026 02:04 PM (GMT+05:30)

हिमाचल प्रदेश में 2023 से नवंबर 2026 तक धर्म परिवर्तन से संबंधित 15 शिकायतें मिली हैं, जिनमें 6 एफआईआर दर्ज कर 19 आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं। 

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू।

HighLights

  1. हिमाचल में 15 धर्म परिवर्तन शिकायतें, 19 आरोपित गिरफ्तार।

  2. मुख्यमंत्री सुक्खू ने विधानसभा में दी जानकारी।

  3. कांगड़ा में 8 शिकायतें बिना एफआईआर निपटाए गए।

राज्य ब्यूरो, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2023 से 1 नवंबर 2026 तक मतांतरण से संबंधित कुल 15 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से छह मामलों में एफआइआर दर्ज की गई है, जबकि 19 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने विधायक लोकेन्द्र कुमार के प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। 

कांगड़ा से आठ शिकायतें

सरकार ने बताया कि हिमाचल प्रदेश धर्म की स्वतंत्रता अधिनियम, 2019 एवं वर्ष 2022 के संशोधन के तहत प्राप्त शिकायतों में से आठ शिकायतें कांगड़ा जिले से संबंधित थीं, जिनका बिना एफआइआर निस्तारण किया गया। वहीं, कुल्लू जिले की एक शिकायत प्रारंभिक जांच में लंबित है।

वर्षवार आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023 में आठ शिकायतें प्राप्त हुईं और एक एफआइआर दर्ज की गई। वर्ष 2024 में तीन शिकायतों पर दो एफआइआर, वर्ष 2025 में एक शिकायत पर एक एफआइआर और वर्ष 2026 में 1 नवंबर तक तीन शिकायतों पर दो एफआइआर दर्ज की गईं।

19 आरोपित गिरफ्तार, चार मामलों में चालान पेश

सरकार ने बताया कि मतांतरण से जुड़े मामलों में कुल 19 गिरफ्तारियां हुई हैं तथा चार मामलों में चालान न्यायालय में पेश किए जा चुके हैं। अभी तक किसी भी मामले में न्यायालय की ओर से दोषसिद्धि या दोषमुक्ति का फैसला नहीं आया है। चार मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं, जबकि दो मामलों में पुलिस ने रद्दीकरण रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत की है। पुलिस जांच के स्तर पर कोई मामला लंबित नहीं है।

जिलावार कार्रवाई में देहरा, हमीरपुर, कुल्लू, मंडी, शिमला और ऊना में एक-एक एफआईआर दर्ज की गई है। गिरफ्तारियों में कुल्लू में तीन, हमीरपुर में एक, शिमला में 11 और ऊना में चार आरोपी शामिल हैं।

घुमारवीं, अंब और नालागढ़ में कोई शिकायत नहीं

विधायक की ओर से घुमारवीं, निरमंड, हरोली, अंब, नालागढ़ और मंडी में कथित प्रलोभन, दबाव अथवा धार्मिक पहचान छिपाकर विवाह के लिए प्रेरित करने से जुड़े मामलों पर भी जानकारी मांगी गई थी। सरकार ने बताया कि घुमारवीं, अंब और नालागढ़ में इस तरह की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। 

मंडी, हरोली व निरमंड से तीन मामले

वहीं, निरमंड, हरोली और मंडी में एक-एक, कुल तीन मामले सामने आए हैं। इन मामलों में संबंधित कानूनी प्रावधानों और हिमाचल प्रदेश धर्म की स्वतंत्रता अधिनियम, 2019 के तहत अभियोग दर्ज किए गए।

निरमंड और हरोली के दोनों मामलों में पुलिस जांच पूरी कर आरोपपत्र न्यायालय में पेश कर चुकी है और दोनों मामले विचाराधीन हैं। मंडी के मामले में जांच के बाद रद्दीकरण रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत की गई है।

सरकार ने बताया कि ऐसी शिकायतों की रोकथाम और प्रभावी कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। सभी पुलिस थानों को शिकायत मिलने पर त्वरित कानूनी कार्रवाई करने और संज्ञेय अपराध सामने आने पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश हैं।

संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त

इसके अलावा, जिला पुलिस अधीक्षकों की मासिक अपराध समीक्षा बैठकों में ऐसे मामलों की प्रगति की समीक्षा की जाती है। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त और स्थानीय सूचना तंत्र को मजबूत किया जा रहा है। आम नागरिकों के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली (इआरएसएस-112), महिला सहायता डेस्क, संबंधित पुलिस थानों और जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालयों के माध्यम से शिकायत दर्ज करवाने की सुविधा भी उपलब्ध है।

मौजूदा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सरकार का प्रदेश के सभी जिलों में अलग से विशेष निगरानी एवं शिकायत निवारण व्यवस्था बनाने का फिलहाल कोई विचार नहीं है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल विधानसभा में सहारा योजना पर सुक्खू व जयराम में नोकझोंक, पूर्व CM बोले- जिंदा व्यक्ति कर दिया मृत घोषित 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।