हिमाचल में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ा, 3 साल में दुष्कर्म के 1386 मामले; घरेलू हिंसा की 19526 शिकायतें दर्ज
हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन वर्षों में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में चिंताजनक वृद्धि हुई है, जिसमें 1,386 दुष्कर्म और 499 छेड़छाड़ के मामले दर्ज किए गए हैं।

हिमाचल प्रदेश में तीन साल में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ा है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
पिछले तीन वर्षों में 1,918 महिला अपराध मामले दर्ज हुए।
दुष्कर्म के 1,386 मामलों में 86 आरोपितों को सजा मिली।
घरेलू हिंसा की 19,526 शिकायतें पुलिस को प्राप्त हुईं।
राज्य ब्यूरो, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध चिंता का विषय बने हुए हैं। पिछले तीन वर्षों में एक नवंबर 2026 तक प्रदेश में दुष्कर्म, छेड़छाड़ और घरेलू हिंसा के कुल 1,918 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें दुष्कर्म के 1,386, छेड़छाड़ के 499 और घरेलू हिंसा के 33 मामले शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त घरेलू हिंसा से जुड़ी 19,526 शिकायतें पुलिस को मिलीं। इनमें से 9,144 का निपटारा किया गया, जबकि 10,382 शिकायतें आगामी कार्रवाई के लिए संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारियों (सीडीपीओ) को भेजी गईं।
86 आरोपितों को सुनाई सजा
भाजपा विधायक जीत राम कटवाल के प्रश्न के लिखित उत्तर में सरकार ने विधानसभा में यह जानकारी दी। दुष्कर्म के मामलों में 86 आरोपितों को सजा सुनाई गई है, जबकि छेड़छाड़ और घरेलू हिंसा के मामलों में अभी तक किसी को सजा नहीं हुई है। दुष्कर्म के 1,386 मामलों में 153 में खारिज रिपोर्ट और 12 में अंतिम रिपोर्ट पेश की गई है।
61 मामलों में जांच जारी है, जबकि 1,160 मामले न्यायालय भेजे गए। इनमें 270 मामलों में आरोपित बरी हुए और तीन में समझौता या वापसी हुई। वर्तमान में 801 मामले न्यायालयों में विचाराधीन हैं।
महिला सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन से लेकर फास्ट ट्रैक कोर्ट तक व्यवस्था
सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए 112 आपातकालीन और 1091 महिला हेल्पलाइन संचालित की हैं। पुलिस थानों में महिला सहायता कक्ष भी स्थापित किए गए हैं। हिंसा पीड़ित महिलाओं को पुलिस, चिकित्सा, कानूनी सहायता, परामर्श और अस्थायी आश्रय उपलब्ध करवाने के लिए 13 वन स्टाप सेंटर चल रहे हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराधों की जांच के लिए महिला पुलिस थानों, महिला अपराध इकाइयों और मानव तस्करी निरोधक इकाइयों की व्यवस्था है।
दुष्कर्म और बच्चों के विरुद्ध यौन अपराधों की सुनवाई के लिए छह फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालय कार्यरत हैं, जिनमें तीन विशेष पोक्सो न्यायालय शामिल हैं।
जिला वार महिलाओं के खिलाफ अपराध के आंकड़े
- जिला घरेलू हिंसा छेड़छाड़ दुष्कर्म घरेलू हिंसा की शिकायतें
- बद्दी 0 5 106 328
- बिलासपुर 0 52 72 1,037
- चंबा 24 14 118 1,349
- देहरा 0 12 12 236
- हमीरपुर 2 72 38 2,054
- कांगड़ा 0 69 140 1,729
- किन्नौर 3 19 33 489
- कुल्लू 0 20 96 1,350
- लाहुल-स्पीति 0 0 3 23
- मंडी 1 92 205 2,896
- नूरपुर 2 23 37 543
- शिमला 0 38 182 2,647
- सिरमौर 0 34 181 1,041
- सोलन 1 25 93 1,854
- ऊना 0 24 70 1,950
- कुल 33 499 1,386 19,526
यह भी पढ़ें: हिमाचल में जमीन को लेकर विधेयक लाएगी सरकार, CM सुक्खू का एलान, बद्दी में 50 हजार बीघा भूमि बेचने पर श्वेत पत्र लाएंगे