हिमाचल सरकार 1200 JBT शिक्षक भर्ती करेगी, तैनाती का फार्मूला भी तय; मुख्यमंत्री को भेजी नियुक्ति की फाइल
हिमाचल प्रदेश सरकार 1200 नए जेबीटी शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया तेज कर रही है। नियुक्ति की अंतिम मंजूरी के लिए ...और पढ़ें

हिमाचल के स्कूलों में 1200 जेबीटी शिक्षक भर्ती होंगे। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
हिमाचल में 1200 जेबीटी शिक्षकों की भर्ती जल्द होगी।
मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद नियुक्ति आदेश जारी होंगे।
दूरदराज के स्कूलों को प्राथमिकता मिलेगी तैनाती में।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए नियुक्ति प्रक्रिया तेज कर दी गई है। प्रदेश के स्कूलों को जल्द ही 1,200 नए जेबीटी शिक्षक मिलेंगे। इनमें 600 शिक्षक सीबीएसई संबद्ध सरकारी स्कूलों में और 600 हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबद्ध स्कूलों में नियुक्त किए जाएंगे। शिक्षा विभाग ने नियुक्तियों की अंतिम मंजूरी के लिए फाइल मुख्यमंत्री को भेज दी है। स्वीकृति मिलते ही नियुक्ति आदेश जारी करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
तैनाती का फार्मूला भी तय
इन नियुक्तियों से उन सरकारी स्कूलों को राहत मिलने की उम्मीद है, जहां शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विभाग के अनुसार, 20 या इससे अधिक विद्यार्थियों वाले स्कूलों में जेबीटी शिक्षक तैनात किए जाएंगे। दूरदराज और जरूरतमंद क्षेत्रों के स्कूलों को प्राथमिकता दी जाएगी।
राज्य चयन आयोग को भेजा मामला
शिक्षा विभाग ने जेबीटी के 1,200 पद भरने का मामला राज्य चयन आयोग को भेजा था। आयोग ने चयन प्रक्रिया पूरी कर परिणाम घोषित कर दिया है और चयनित अभ्यर्थियों की फाइल स्कूल शिक्षा निदेशालय को भेजी है। निदेशालय ने नियुक्तियों का प्रस्ताव तैयार कर सरकार की मंजूरी के लिए भेजा है।
5,984 जेबीटी पद अब भी रिक्त
प्रदेश में जेबीटी शिक्षकों के कुल 20,116 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 14,132 पद भरे हुए हैं, जबकि 5,984 रिक्त हैं। ऐसे में 1,200 नियुक्तियों के बाद भी शिक्षकों की कमी पूरी तरह दूर नहीं होगी। विभाग रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरने की तैयारी कर रहा है। स्कूलों के बंद होने और विलय के बाद सरप्लस हुए शिक्षकों को जरूरत के अनुसार आसपास के स्कूलों में भेजा जा रहा है। विभाग युक्तीकरण के जरिए उपलब्ध शिक्षकों का बेहतर उपयोग कर विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने से रोकने की कोशिश कर रहा है।
क्या कहते हैं अधिकारी
स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने बताया कि जेबीटी के 1,200 पद भरने का मामला सरकार की मंजूरी के लिए भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही नियुक्ति आदेश जारी कर दिए जाएंगे। जेबीटी का जिला कैडर होने के कारण नियुक्तियां संबंधित जिला उपनिदेशकों के माध्यम से की जाएंगी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में स्थापित होंगे 4 नए औद्योगिक पार्क, 30 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार; 234 करोड़ की DPR केंद्र को भेजी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।