एशियाई खेलों में भारत की चैंपियन कबड्डी टीम में हिमाचल की चार प्लेयर्स का शानदार प्रदर्शन, लगा दी जीत की हैट्रिक
भारतीय महिला कबड्डी टीम ने 20वें एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया, जिसमें हिमाचल प्रदेश की चार बेटियों ने अहम भूमिका निभाई।

एशियाई खेलों में भारत की चैंपियन टीम का हिस्सा हिमाचल की पुष्पा, रितु, भावना और ज्योति।
HighLights
भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में गोल्ड जीता।
हिमाचल की पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति, भावना ने प्रदर्शन किया।
सिरमौर के गांवों में खिलाड़ियों की जीत का जश्न मनाया गया।
जागरण संवाददाता, नाहन। जापान में आयोजित 20वें एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है। भारत की इस चैंपियन टीम में हिमाचल प्रदेश की चार बेटियों ने जज्बा दिखाया। कप्तान पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर व भावना ठाकुर ने अहम भूमिका निभाई। सभी खिलाड़ियों का बेहतरीन प्रदर्शन रहा।
जिला सिरमौर की रितु नेगी पूर्व में भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान रह चुकी हैं और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं।
पुष्पा राणा ने एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान के रूप में नेतृत्व किया। वह हिमाचल प्रदेश कबड्डी टीम की कप्तान व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी है। सोलन से ज्योति ठाकुर और मंडी से भावना ठाकुर ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
पुष्पा और रितु के गांव में बंटी मिठाई
जिला सिरमौर के शिलाई में पुष्पा राणा तथा रितु नेगी के गांव में भारतीय टीम की जीत पर मिठाइयां बांटी गईं। उनके परिजनों को बधाई देने वालों के लगातार फोन आ रहे हैं। सोशल मीडिया में भी सिरमौर की दोनों बेटियों को लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।
गांव से निकलकर चमकी रितु नेगी
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के सबसे दुर्गम शिलाई विधानसभा क्षेत्र के शरोग गांव की रितु नेगी ने ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया। शिलाई स्कूल में आठवीं कक्षा से कबड्डी खेलना शुरू किया। 2006 में राज्यस्तरीय खेल ट्रायल में रितु नेगी का चयन स्पोर्ट्स हॉस्टल बिलासपुर के लिए हुआ। जहां पर 8 साल तक खेल छात्रावास में ट्रेनिंग की, उसी दौरान नेशनल लेबल तक कबड्डी खेली। जिसमें हिमाचल के लिए कई गोल्ड, सिल्वर, ब्रॉन्ज पदक हासिल किए।
महिला कबड्डी विश्व कप में 2025 में देश को स्वर्ण पदक दिलाया। जूनियर एशिया चैंपियनशिप मलेशिया में भारतीय टीम का नेतृत्व किया। एशियन गेम्स 2023 में भारतीय टीम की कप्तान रहीं।
रितु रेलवे में सुपरीटेंडेंट
3 दिसंबर 2014 को इंडियन रेलवे में नौकरी मिली। वर्तमान में रितु नेगी भारतीय रेलवे में ऑफिस सुपरीटेंडेंट के पद पर हैदराबाद में तैनात हैं। माता पूर्णिमा नेगी व पिता जवाहर सिंह नेगी के घर पर जन्मी रितु नेगी ने कठिन संघर्षों के बाद यह मुकाम हासिल किया है।
