हिमाचल पेंशनर समिति का जेल भरो आंदोलन का एलान, बोले- देनदारियां चुकाने के बजाय सरकार कर रही जश्न की तैयारी
हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने लंबित वित्तीय देनदारियों के भुगतान के लिए सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। समिति ने सचिवालय घेराव और जेल भरो आंदोलन की घोषणा की है।

हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स समिति ने जेल भरो आंदोलन का एलान किया है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
पेंशनरों ने लंबित देनदारियों के लिए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
सचिवालय घेराव और जेल भरो आंदोलन की घोषणा की गई।
सरकार पर देनदारियां चुकाने के बजाय जश्न मनाने का आरोप।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में पेंशनरों की लंबित वित्तीय देनदारियों को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज होगा। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द देनदारियों का भुगतान नहीं किया गया तो सचिवालय का घेराव किया जाएगा और जेल भरो आंदोलन शुरू होगा। समिति ने आंदोलन की रणनीति के तहत अपनी संयुक्त कार्रवाई समिति (जेएसी) का भी विस्तार किया है।
शुक्रवार को शिमला में पत्रकार वार्ता में समिति के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने बताया कि अब तक संयुक्त संघर्ष समिति के साथ 18 संगठन जुड़े थे। कुल्लू से एचपी ज्वाइंट पेंशनर्स फेडरेशन के प्रदेशाध्यक्ष एलआर गुलशन ने भी अपने संगठन को जेएसी से जोड़ने का आग्रह किया है। उन्हें जेएसी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
गंगा राम शर्मा को भी उपाध्यक्ष, जबकि कुशाल चंद नेगी और नरेंद्र कुमार को संयुक्त सचिव बनाया गया है।
मिलने बुलाया और बिना बात किए चले गए सीएम
सुरेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि 19 नवंबर को धर्मशाला में पेंशनरों की रैली के बाद मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए तपोवन विधानसभा बुलाया, लेकिन उनके पहुंचने पर मुख्यमंत्री बिना बातचीत किए गगल हवाई अड्डा रवाना हो गए, इससे पेंशनरों में रोष बढ़ा।
शिला चौक में रोकने के बाद एफआइआर
इसके बाद विधानसभा घेराव के लिए निकली रैली को पुलिस ने शिला चौक पर रोक दिया। प्रदर्शन के दौरान आठ पदाधिकारियों पर एफआइआर दर्ज करने को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इन्हें वापस लेने की मांग की।
देनदारियां चुकाने के बजाय जश्न की तैयारी
उन्होंने कहा कि सरकार पेंशनरों की देनदारियां चुकाने के बजाय चार साल का जश्न मनाने की तैयारी कर रही है। सभी जिलों में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। समिति ने सरकार से जल्द वार्ता बुलाकर लंबित वित्तीय लाभ जारी करने की मांग की है। इस दौरान भूप राम वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।