हिमाचल में नई पंचायतों को मिलेंगी पुरानी की संपत्ति, पंचायतीराज विभाग ने BDO से मांगा हस्तांतरण का रिकॉर्ड
हिमाचल में पंचायतीराज विभाग ने खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को निर्देश दिए हैं कि नवगठित पंचायतों को पुरानी पंचायतों से उनकी संपत्तियों का हस्तांतरण सुनिश्चित किया जाए।

हिमाचल प्रदेश में नई बनी पंचायतों को पुरानी की संपत्तियां मिलेंगी। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
नवगठित पंचायतों को पुरानी से मिलेंगी परिसंपत्तियां।
पंचायतीराज विभाग ने बीडीओ से मांगा पूरा रिकॉर्ड।
नई पंचायतों की आर्थिक स्थिति होगी मजबूत।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल में नवगठित पंचायतों को अब पुरानी पंचायतों से अलग होने के बाद उनके हिस्से की संपत्तियां हस्तांतरित करनी होंगी। पंचायतीराज विभाग ने इस संबंध में सभी खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को निर्देश जारी कर संपत्ति हस्तांतरण का पूरा रिकॉर्ड मांगा है।
पंचायतों के पुनर्गठन के बाद संपत्तियों के बंटवारे की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसके तहत पुरानी पंचायतों से अलग होकर बनी नई पंचायतों को उनके क्षेत्र में आने वाली दुकानें, भवन, व्यावसायिक परिसर और अन्य परिसंपत्तियां सौंपी जानी हैं। कुछ पंचायतों में संपत्तियां हस्तांतरित हो चुकी हैं, जबकि कई मामलों में यह प्रक्रिया अभी लंबित है।
बीडीओ से मांगी जानकारी
विभाग ने बीडीओ से यह जानकारी मांगी है कि किन नवगठित पंचायतों को संपत्तियां सौंप दी गई हैं और किनका हस्तांतरण बाकी है। इसके लिए संबंधित पंचायतों की परिसंपत्तियों का पूरा ब्योरा जुटाकर हस्तांतरण की स्थिति स्पष्ट करनी होगी।
संसाधन जुटाने के अवसर बढ़ेंगे
संपत्तियां मिलने से नवगठित पंचायतों के पास अपने संसाधन जुटाने के अवसर बढ़ेंगे। उनके क्षेत्र में आने वाली दुकानें, व्यावसायिक परिसर और अन्य संपत्तियां पंचायत के अधिकार में आने से किराये के रूप में नियमित आय हो सकेगी। इससे विकास कार्यों के लिए पंचायतों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और उन्हें छोटे-बड़े कार्यों के लिए पूरी तरह सरकारी अनुदान पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
विभाग करेगा बंटवारा सुनिश्चित
पंचायतों के पुनर्गठन के बाद संपत्तियों का बंटवारा महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है। विभाग रिकार्ड के आधार पर यह सुनिश्चित करेगा कि नई पंचायतों को उनके क्षेत्र की परिसंपत्तियों का अधिकार मिले और हस्तांतरण में किसी तरह की अस्पष्टता या विवाद न रहे।
225 पंचायतों से अलग होकर नई बनी 189 पंचायतें
प्रदेश में वर्तमान में 92 विकास झंडों के तहत 3758 पंचायतें हैं। 225 पंचायतों को पुनर्गठित कर 189 नई पंचायतें बनीं। इनमें कुछ पंचायत तीन तीन पंचायतों के क्षेत्रों में से उनके क्षेत्रों को सम्मिलित कर नई पंचायतें बनी हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।