हिमाचल सरकार ने बदले HAS अधिकारी, कृष्ण कुमार होंगे SDM सरकाघाट; नौणी विवि के रजिस्ट्रार सिद्धार्थ शिमला बुलाए
हिमाचल सरकार ने एचएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं, जिसमें सरकाघाट के एसडीएम राजेंद्र कुमार गौतम को हटाकर कृष्ण कुमार शर्मा को नया एसडीएम नियुक्त किया गया है।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव
HighLights
हिमाचल सरकार ने एचएएस अधिकारियों के तबादले किए।
कृष्ण कुमार शर्मा सरकाघाट के नए एसडीएम बने।
नौणी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार सिद्धार्थ आचार्य शिमला बुलाए गए।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने एचएएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। कार्मिक विभाग की ओर से जारी की गई अधिसूचना के अनुसार सरकारघाट के वर्तमान एसडीएम राजेंद्र कुमार गौतम को उनके पद से हटाकर आगामी तैनाती के लिए शिमला सचिवालय स्थित कार्मिक विभाग (पूल) में रिपोर्ट करने को कहा गया है।
डिजिटल टेक्नोलॉजीज एंड गवर्नेंस शिमला के संयुक्त निदेशक कृष्ण कुमार शर्मा को बदलकर अब मंडी जिले के सरकारघाट का नया एसडीएम लगाया गया है।
नौणी विवि के रजिस्ट्रार शिमला बुलाए
डा. वाईएस परमार उद्यानिकी वानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी (सोलन) के रजिस्ट्रार सिद्धार्थ आचार्य जो मानव भारती विश्वविद्यालय के प्रशासक का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रहे थे को आगामी पदभार के लिए कार्मिक विभाग (पूल) में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरेंद्र कुमार को अतिरिक्त कार्यभार
जिला उद्योग केंद्र, सोलन के महाप्रबंधक सुरेंद्र कुमार को नौणी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार और मानव भारती विश्वविद्यालय (सोलन) के प्रशासक का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।
नौणी में हुआ था विवाद
नौणी विश्वविद्यालय में गत दिनों कुलपति और स्टाफ में विवाद भी हुआ था। अब मामला शांत है, लेकिन इस बीच सरकार ने अब रजिस्ट्रार का कार्यभार देख रहे सिद्धार्थ आचार्य को वहां से हटा दिया है।