विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वॉक-इन इंटरव्यू के माध्यम से खिलाड़ियों को नौकरी देगी हिमाचल सरकार, CM सुक्खू ने सम्मानित किए प्लेयर्स

By Parkash Bhardwaj Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sat, 31 Oct 2026 06:24 PM (IST)Updated: Sat, 31 Oct 2026 06:46 PM (IST)

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने और रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए सहायक जिला खेल अधिकारी का पद सृजित करने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी पुष्पा राणा को सम्मानित करते हुए। सौजन्य डीपीआरओ

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी पुष्पा राणा को सम्मानित करते हुए। सौजन्य डीपीआरओ

HighLights

  1. सहायक जिला खेल अधिकारी पद सृजित, खिलाड़ियों को रोजगार।

  2. 419 खिलाड़ियों को 17.85 करोड़ रुपये पुरस्कार राशि।

  3. पदक विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि।

राज्य ब्यूरो, शिमला। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए सहायक जिला खेल अधिकारी का पद सृजित किया गया है। आने वाले समय में खेल विभाग वाक-इन इंटरव्यू के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ियों को विभाग में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू करेगा। 

खेलो हिमाचल, चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान 

उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से 20 तारीख को धर्मशाला में खेलो हिमाचल, चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इसके तहत एसडीएम, जिला और राज्य स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी और पंचायत स्तर तक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

419 खिलाड़ियों को 17.85 करोड़ रुपये वितरित

शनिवार को शिमला में प्रदेश के खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए राज्यस्तरीय समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश के 419 खिलाड़ियों को 17.85 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की। इनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले 51 और राष्ट्रीय स्तर के 368 खिलाड़ी शामिल हैं। 

इस दौरान मुख्यमंत्री ने खेलों में पुरस्कार राशि दस गुना तक बढ़ाने, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और कोच को सम्मानित करने के फैसले को सरकार की उपलब्धि बताया।

पदक विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक बढ़ोतरी

प्रदेश सरकार ने ओलंपिक, एशियन और कामनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है। पहले एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने पर 50 लाख रुपये मिलते थे, जिसे बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये किया गया है। ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने पर भी पांच करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

इन्हें मिले करोड़ों रुपये

उन्होंने कहा कि कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतने वाली हिमाचल की पुष्पा राणा, भावना ठाकुर, रितु नेगी और ज्योति ठाकुर को इस बार एक-एक करोड़ रुपये दिए गए। एशियन चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर सीमा को 1.5 करोड़ रुपये की राशि दी गई है। 10000 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल विजेता निषाद को ढाई करोड़ रुपये दिए गए।

नेशनल लेवल के खिलाड़ियों को पहली बार पुरस्कार

सरकार ने पहली बार राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को भी पुरस्कार देने की व्यवस्था की है। राष्ट्रीय स्तर की पूरी टीम को पांच लाख रुपये और टीम के सदस्य के रूप में खिलाड़ियों को 1.5 लाख रुपये दिए गए हैं। वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके कोच को भी तीन लाख रुपये देकर सम्मानित किया गया।

यह भी पढ़ें: IIT मंडी में हिमाचल के विद्यार्थियों को नेट और गेट में छूट, स्टार्टअप के लिए हर महीने 15000 रुपये मिलेंगे 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।