हिमाचल सरकार आधुनिक कृषि मशीनरी पर देगी 50 प्रतिशत सबसिडी, पोर्टल पर करना होगा आवेदन
हिमाचल प्रदेश सरकार किसानों को कृषि मशीनरी खरीदने पर 50% तक अनुदान दे रही है। इच्छुक किसान 11 से 16 नवंबर तक agrimachinery.nic.in पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।

हिमाचल सरकार कृषि उपकरणों पर सबसिडी देगी। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
किसानों को कृषि मशीनरी पर 50% तक अनुदान मिलेगा।
एग्री मशीनरी पोर्टल 11 से 16 नवंबर तक खुला रहेगा।
लॉटरी द्वारा पात्र किसानों का चयन 17 नवंबर को होगा।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश के किसान कृषि मशीनरी खरीदने के लिए 50 प्रतिशत तक अनुदान प्राप्त कर सकेंगे। कृषि विभाग 11 नवंबर को सुबह 11 बजे वर्ष 2026-27 के लिए एग्री मशीनरी पोर्टल फिर खोलेगा। इच्छुक किसान 16 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। पात्र किसानों का चयन 17 नवंबर को लॉटरी के माध्यम से होगा।
ये उपकरण मिलेंगे सबसिडी पर
कृषि अभियांत्रिकी उपमिशन (एसएमएएम) के तहत पहाड़ी खेती को आधुनिक बनाने और कृषि कार्यों में मशीनों का उपयोग बढ़ाने के लिए विभिन्न उपकरण अनुदान पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इनमें पावर टिलर, पावर वीडर समेत अन्य आधुनिक कृषि यंत्र शामिल हैं।
विभाग के अनुसार, लघु एवं सीमांत किसानों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला किसानों को कृषि उपकरण खरीदने पर 50 प्रतिशत अनुदान मिलेगा।
इस पोर्टल पर आवेदन
किसान भारत सरकार के प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) पोर्टल agrimachinery.nic.in पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन और चयन प्रक्रिया पारदर्शी रखी गई है तथा पात्र आवेदकों का चयन लाटरी से होगा।
पंजीकृत फर्म से ही खरीदें कृषि यंत्र
कृषि विभाग ने किसानों से मशीनरी खरीदते समय सावधानी बरतने और भारत सरकार से पंजीकृत फर्मों से ही उपकरण लेने का आग्रह किया है। किसान स्वीकृत माडल का चयन करें, ताकि अनुदान पाने के बाद किसी तरह की परेशानी न हो।