विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गधा बोझ नहीं आर्थिक संपदा: युवा कैसे शुरू कर सकते हैं फार्म, कितनी हो सकती है कमाई? जानिए विशेषज्ञ की राय

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Tue, 17 Nov 2026 06:41 AM (IST)

गधी पालन को लेकर समाज के पूर्वाग्रहों को चुनौती देते हुए, हिमाचल में एक उद्यमी ने इसे आर्थिक संपदा के रूप में स्थापित किया है।

गधी का दूध बेहद गुणवत्ता वाला है। प्रतीकात्मक फोटो

गधी का दूध बेहद गुणवत्ता वाला है। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. गधी का दूध 4000-7000 रुपये प्रति लीटर बिकता है।

  2. यह दूध मानव दूध के सबसे करीब, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है।

  3. छोटे किसानों के लिए कम निवेश में बड़ा मुनाफा संभव।

तरुण श्रीधर। हिमाचल में एक उद्यमी ने साहस दिखा गधी पालन आरंभ किया है। कुछ ने प्रशंसा की, कुछ अचंभित हुए, अधिसंख्य ने व्यंग्य कसा। हास्य क्यों ना हो जब बचपन से सुनते आए हैं कि अमुक "गधे की तरह काम करता है", जरूरत पड़े तो "गधे को भी बाप बनाना पड़ता है" इत्यादि। किसी को मूर्ख कहना हो तो बस गधा शब्द पर्याप्त है।

इतिहास गवाह है कि हर नई राह पर चलने वाले को पहले यही सुनना पड़ता है। हमारी भाषा और लोकोक्तियों ने, एक मेहनती, सहनशील और निरीह जानवर को मूर्खता का पर्याय बना दिया। वास्तविक मूर्ख कौन? वह जो बिना शिकायत बोझ ढोता रहा? या हम, जो सदियों तक उसके साथ रह कर भी उसका मूल्य नहीं पहचान पाए?

दूध की गुणवत्ता के कारण मुख्यधारा में

आज यह प्रश्न इसलिए प्रासंगिक है क्योंकि वही गधा, जिसे हम केवल बोझ ढोने वाला मानते आए हैं, अपने दूध की गुणवत्ता के कारण मुख्यधारा में आ रहा है। और यह दूध बाजार में 4000-7000 रुपये प्रति लीटर तक बिक रहा है। गाय-भैंस का दूध जहां 40-50 रुपये लीटर पर किसान की लागत मुश्किल से निकाल पाता है, वहां यह आंकड़ा चौंकाता है।

गाय व बकरी के दूध से भी बेहद फायदेमंद

वैज्ञानिक अध्ययनों में बार-बार सामने आया है कि गधी का दूध अपनी संरचना में मनुष्य के दूध के सबसे निकट है; गाय, भैंस और बकरी के दूध से कहीं अधिक। इसमें लैक्टोज की मात्रा लगभग मां के दूध जितनी होती है, वसा बहुत कम; प्रोटीन का स्वरूप वह जो सुपाच्य है। गाय के दूध में कैसीन प्रोटीन अधिक होता है, जिससे कई बच्चों को एलर्जी होती है; वहीं गधी के दूध में व्हे प्रोटीन का अनुपात मां के दूध जैसा है। 

बढ़ाते हैं रोग-प्रतिरोधक क्षमता

इसमें लाइसोजाइम और लैक्टोफेरिन जैसे तत्व प्रचुर मात्रा में हैं। ये प्राकृतिक रूप से जीवाणुओं से लड़ते हैं और रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं। विटामिन सी और डी सहित लाभकारी खनिज भी इसमें उल्लेखनीय मात्रा में होते हैं।

यह दूध "गाढ़ा" नहीं, "गुणी"

यह कहना उचित होगा कि इसकी विशेषता मात्रा में नहीं, गुणवत्ता में है: यह दूध "गाढ़ा" नहीं, "गुणी" है। यह खोज भी नई नहीं है। 'चिकित्सा के पितामह' यूनानी चिकित्सक हिप्पोक्रेटीज ने इसे अनेक रोगों में उपयोगी बताया था। 

सौंदर्य-प्रसाधन में प्रयोग

मिस्र की रानी क्लियोपेट्रा के गधी के दूध से स्नान की कथा तो प्रसिद्ध है। आज गधी के दूध का व्यापक प्रयोग सौंदर्य-प्रसाधन, व आयुर्वेदिक और न्यूट्रास्यूटिकल उत्पादनों में हो रहा है। उन्नीसवीं-बीसवीं सदी तक यूरोप में शिशुओं को गधी का दूध पिलाया जाता था। 

हमारे देश में भी कई ग्रामीण अंचलों में खांसी, कमजोरी और बच्चों की बीमारियों में इसका पारंपरिक प्रयोग होता रहा है। हमें ज्ञान था; इसका सम्मान नहीं। 

आखिर क्यों नहीं मानते आर्थिक संपदा

यहीं असहज प्रश्न खड़ा होता है: जिस जानवर के दूध में इतने गुण हों, उसे हम आर्थिक संपदा क्यों नहीं मानते? संभवत: तीन कारण हैं। पहला, सौंदर्य का पूर्वाग्रह। गाय आस्था में है, घोड़ा राजसी शान का प्रतीक है, ऊंट रेगिस्तान का जहाज है। गधे के हिस्से न सुंदरता आई, न कोई मिथकीय गौरव। हम बहुत हद तक आंखों से सोचते हैं, और जो सुंदर नहीं दिखता, उसके गुण भी हमें दिखाई नहीं देते। 

दूसरा, सामाजिक पूर्वाग्रह। गधा परंपरागत रूप से उन समुदायों के साथ जुड़ा रहा जो ईंट-भट्ठों, कुम्हारी, धुलाई और ढुलाई जैसे श्रम-आधारित कार्य करते थे। समाज ने जिस श्रम को नीची नज़र से देखा, उस श्रम का साथी भी उसी दृष्टि का शिकार हुआ। 

तीसरा, व्यावहारिक कारण भी हैं, और उन्हें स्वीकार करना ईमानदारी होगी। एक गधी दिन में आधा से एक लीटर दूध ही देती है, वह भी तब जब बच्चा साथ हो। दोहन थोड़ा-थोडा मात्रा में कई बार करनी पड़ती है। ऐसे में इसे गाय-भैंस की तरह "थोक दूध" के रूप में देखना संभव नहीं। पर यही कमजोरी इसकी ताकत भी है- कम उत्पादन और विशिष्ट गुण ही इसे ऊंचे दाम वाला उत्पाद बनाते हैं।

कितनी कमाई हो सकती है

मान लीजिए किसी के पास बीस दुधारू गधियां हैं और औसतन प्रत्येक से आधा-पौना लीटर दूध प्रतिदिन मिलता है। यानी दस से पंद्रह लीटर रोज। यदि उद्यमी को थोक में भी दो-ढाई हजार रुपये प्रति लीटर मिल जाएं तो आय का अनुमान आप स्वयं लगा सकते हैं। ऊपर से गधा कठोर परिस्थितियों में भी जी लेता है, चारा कम मांगता है, सूखे और पहाड़ दोनों में ढल जाता है, और बीमार भी कम पड़ता है। छोटे और भूमिहीन किसानों के लिए यह कम निवेश वाला विकल्प है।

कैसे शुरुआत कर सकते हैं युवा

लेकिन मैं युवाओं को केवल सुनहरे सपने नहीं दिखाना चाहता। यह बाजार अभी छोटा और विशिष्ट है। गधी का दूध गली-गली नहीं बिकेगा। सफलता की कुंजी है पहले से तय खरीददार, सौंदर्य-प्रसाधन या स्वास्थ्य उत्पाद बनाने वाली कंपनियों से अनुबंध, दूध को सुरक्षित रखने के लिए ठंडा भंडारण या फ्रीज-ड्राइंग, और स्वच्छता व गुणवत्ता का कड़ा पालन। जो उद्यमी केवल दूध बेचने के बजाय उससे साबुन, क्रीम या पाउडर जैसे मूल्यवर्धित उत्पाद बनाएगा, वही असली लाभ उठाएगा। 

समूह बना कर, सहकारी या एफपीओ माडल पर काम करना और भी बेहतर होगा। गधी पालन का कार्यक्रम तभी सार्थक होगा जब इसके साथ नस्ल सुधार, गधी के दूध के लिए स्पष्ट गुणवत्ता मानक और बाजार से जोड़ने की ठोस व्यवस्था हो। 

सरकार प्रदान करे प्रशिक्षण

सरकार एवं संबद्ध विश्वविद्यालयों को इस पर प्रशिक्षण देना चाहिए, और बैंकों को इसे "मजाक" नहीं, एक गंभीर व्यावसायिक प्रस्ताव के रूप में देखना चाहिए। सबसे बड़ा परिवर्तन हमारी सोच में चाहिए। जब तक हम गधे को मूर्खता का प्रतीक मानते रहेंगे, तब तक कोई युवा गर्व से यह नहीं कह पाएगा कि "मैं गधी पालन करता हूं"। मुहावरे बदलना कठिन है, अपना दृष्टिकोण तो बदल सकते हैं।

गधा सदियों से हमारा बोझ ढोता आया है: अब हमें अपने पूर्वाग्रहों का बोझ उतारना है। गधे की सुंदरता भले ही न भाए, पर उसके दूध के गुण, उसकी सहनशीलता और उसकी आर्थिक संभावना को तो पहचानें। जो समाज केवल रूप देख कर मूल्य तय करता है, वह अपने ही संसाधनों के साथ अन्याय करता है। अगली बार जब कोई किसी को "गधा" कहे, तो याद रखिएगा यह गाली नहीं, एक अनजानी प्रशंसा है। आज किसी गांव में गधी पालन का साहस दिखाने वाला युवा "गधा" नहीं, दूरदर्शी है। हंसने वाले हंसते रहेंगे; कमाने वाले कमाएंगे।

(लेखक भारतीय खाद्य एवं कृषि परिषद के महानिदेशक व भारतीय प्रशासनिक सेवा के पूर्व अधिकारी हैं)

 

यह भी पढ़ें: 7000 रुपये प्रति लीटर बिकेगा दूध..., बिलासपुर में खुला हिमाचल का पहला डोंकी फार्म; औषधीय गुणों से भरपूर 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।