विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

7000 रुपये प्रति लीटर बिकेगा दूध..., बिलासपुर में खुला हिमाचल का पहला डोंकी फार्म; औषधीय गुणों से है भरपूर

By Munish GariyaEdited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 15 Nov 2026 12:40 PM (GMT+05:30)

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के कंदरौर में संजीव ठाकुर ने राज्य का पहला गधा पालन और गधी के दूध उत्पादन का स्टार्टअप शुरू किया है।

बिलासपुर में डोंकी फार्म में रखे गए गधे।

बिलासपुर में डोंकी फार्म में रखे गए गधे।

HighLights

  1. हिमाचल का पहला गधा पालन स्टार्टअप बिलासपुर के कंदरौर में।

  2. गधी का दूध 5-7 हजार रुपये प्रति लीटर, औषधीय गुणों से भरपूर।

  3. सौंदर्य प्रसाधन और फार्मास्युटिकल उद्योगों में इसकी भारी मांग।

मुनीष गारिया, बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में बिलासपुर जिले के कंदरौर में गधा पालन और गधी के दूध के उत्पादन पर आधारित अनूठा स्टार्टअप शुरू हुआ है। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने डेरी कान्क्लेव-2026 के तहत डोंकी फार्म का शुभारंभ किया। कम उत्पादन, कम उपलब्धता और भरपूर औषधीय गुणों के कारण गधे का दूध आज के समय में दुनिया के सबसे महंगे और बहुपयोगी डेरी उत्पादों में शामिल हो चुका है।

इस दूध की कीमत आमतौर पर पांच से सात हजार रुपये प्रति लीटर तक रहती है। दूध के पाउडर की कीमत 20 हजार से लेकर 80 हजार रुपये प्रति किलोग्राम होती है।

डेयरी के बाद डोंकी फार्म

स्थानीय निवासी संजीव ठाकुर ने इसी साल कंदरौर में गाय के दूध की डेयरी शुरू की थी। अब उन्होंने स्थानीय स्तर पर 12 गधे खरीदकर डोंकी फार्म शुरू किया है। उनका लक्ष्य है, जल्द ही कम से कम 25 डोंकी लाए जाएं। संजीव का दावा है कि प्रदेश में इस तरह का पहला फार्म है।

त्वचा की देखभाल से लेकर फार्मास्युटिकल उद्योग तक गधी के दूध की बढ़ती मांग ने इसे एक लाभदायक व्यावसायिक विकल्प बना दिया है। 

लाभदायक व उपयोगी स्टार्टअप

धर्माणी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गधी के दूध की भारी मांग और उपयोग के बारे में बताते हुए इस स्टार्टअप को सबसे ज्यादा लाभदायक व उपयोगी बताया। इस दूध में लैक्टोज, व्हे प्रोटीन, लाइसोजाइम और लैक्टोफेरिन जैसे महत्वपूर्ण जैविक घटक पाए जाते हैं, जो इसे अन्य सामान्य दूध से अलग और विशेष बनाते हैं।

किन कामों में होता है उपयोग

गधी के दूध का सबसे अधिक उपयोग प्रीमियम कास्मेटिक्स और सौंदर्य प्रसाधन (स्किन केयर) बनाने में किया जाता है। कई देशों में इससे एंटी-एजिंग क्रीम, साबुन, माइस्चराइजर और लोशन तैयार किए जाते हैं। इसके अलावा, फार्मास्युटिकल क्षेत्र में दवाओं और विशेष पोषण उत्पादों (न्यूट्रास्यूटिकल्स) के निर्माण में भी इसका प्रयोग होता है। जिन शिशुओं या व्यक्तियों को गाय या भैंस के दूध से एलर्जी होती है, उनके लिए भी इसे एक बेहतर विकल्प माना जाता है।

सेहत के लिए प्रमुख लाभ

गधी का दूध इम्यूनिटी बढ़ाने और हानिकारक बैक्टीरिया से लड़ने में मदद करता है। विटामिन-ए, बी, सी, डी और ई के साथ-साथ ओमेगा-3 और ओमेगा-6 फैटी एसिड की मौजूदगी के कारण यह त्वचा की नमी बनाए रखता है। झुर्रियों को कम करता है और एक्जिमा या सोरायसिस जैसी त्वचा समस्याओं में राहत देता है। सुरक्षात्मक प्रोटीन से भरपूर होने के साथ ही रोगाणुरोधी और प्रतिरक्षा-बढ़ाने वाले प्रोटीन से भरपूर होता है। आसानी से पचने वाले इस दूध में आवश्यक पालीअनसैचुरेटेड फैटी एसिड शामिल हैं। 

डोंकी के दूध की उपलब्धता बहुत कम और मांग व उपयोगिता अधिक होने के कारण यह काम बहुत सही है। हमारे यहां पहला डोंकी फार्म खुला है। अगर ऐसे अन्य लोग भी इस काम से जुड़ जाएं तो भारत को गधी के दूध का आयात करने की जरूरत ही न रहे।
-संजीव ठाकुर, संचालक डोंकी फार्म कंदरौर।

चार गुना अधिक विटामिन सी : डॉ. तरुण

गधी का दूध मनुष्य के दूध के बराबर है। यह मनुष्य के लिए काफी पौष्टिक भी है। इसके दूध में गाय की तुलना चार गुणा अधिक विटामिन सी होता है। अन्य दूध की तुलना में विटामिन डी अधिक होता है, जो हड्डियों के लिए बहुत जरूरी है।
-डा. तरुण श्रीधर, भारतीय खाद्य एवं कृषि परिषद के महानिदेशक एवं सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।